August 8, 2026 4:03 am

मिशन इंद्रधनुष अभियान के अंतर्गत टीकाकरण को युद्ध स्तर पर करने की तैयारी

लखनऊ। टीकाकरण को युद्ध स्तर पर करने की तैयारी है। सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 का दूसरा चरण 11 सितंबर से शुरू किया जा रहा है जो 16 सितंबर तक चलेगा। जिसे स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान एवं यूनिसेफ के सहयोग से मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में ब्लॉक रिस्पॉन्स टीम का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 तीन चरणों में चलाया जाएगा। सीएमओ डा. मनोज अग्रवाल ने कहा कि नियमित टीकाकरण और मीजल्स रूबेला उन्मूलन स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता में है। अब भी कुछ परिवार ऐसे हैं जो बच्चों का टीकाकरण नहीं करवाते हैं, जिसके कारण शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने में कठिनाई होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए ब्लॉक स्तर पर बीआरटी गठित की गई है, जो ऐसे घरों का भ्रमण करती है जो कि बच्चों का टीकाकरण करवाने का विरोध करते हैं,टीम ऐसे घरों का भ्रमण कर परिवार को मोबिलाइज करते हुए टीकाकरण करवाने का प्रयास करती है, इसलिए नियमित टीकाकरण में बीआरटी की भूमिका अहम है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा.एपी मिश्रा ने कहा कि टीकाकरण न करवाने वाले परिवारों को चिन्हित करते हुए सूची बनाएं और उनके घर का भ्रमण कर उन्हें टीकाकरण से होने वाले लाभों के बारे में बताएं। इसके लिए ऐसे बच्चों के अभिभावकों की मदद ले सकते हैं। यह बीमारी अन्य बच्चों को भी प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों को बताएं कि टीकाकरण न करवाने से बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता कम हो सकती है, जिसके कारण बच्चा बार-बार बीमारियों की चपेट में आ सकता है। टीका न लगवाने से बच्चा ऐसी बीमारियों की चपेट में आ सकता है जो उसे शारीरिक और मानसिक रूप से दिव्यांग बना सकती हैं।

कुछ में तो उसकी जान भी जा सकती है। बच्चा बीमार होगा तो माँ-बाप को अस्पताल के चक्कर लगाने होंगे, जिससे पूरा परिवार परेशान होता है। ऐसे में पैसा और समय दोनो ही बर्बाद होते हैं। इन सबसे बचना है तो बच्चे का नियमित टीकाकरण अवश्य कराएं। वहीं जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी ने कहा कि यह दो दिवसीय प्रशिक्षण था।जिसमें सोमवार को शहरी एवं ग्रामीण सीएचसी के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों,बीपीएम,बीसीपीएम एवं प्रतिरक्षण अधिकारी तथा मंगलवार को शहरी पीएचसी के अधीक्षक, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी और कोल्ड चेन हैंडलर प्रतिभाग किया। दो दिनों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 105 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रतिभाग किया।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!