न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश की विकास यात्रा तब तक पूर्ण नहीं हो सकती, जब तक उसका किसान सशक्त, सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर न हो। इसी दूरदर्शी सोच के साथ यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने किसान कल्याण को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में स्थान दिया तथा खेती-किसानी से जुड़ी चुनौतियों के समाधान हेतु अनेक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी कदम उठाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से करोड़ों किसानों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण कर खेती को आर्थिक संबल प्रदान किया गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना ने प्राकृतिक आपदाओं और फसल क्षति के समय किसानों को सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया है। वहीं न्यूनतम समर्थन मूल्य में लगातार वृद्धि और रिकॉर्ड सरकारी खरीद ने किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य सुनिश्चित किया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कृषि अवसंरचना में निवेश, आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रोत्साहन तथा कृषि क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देकर खेती को अधिक लाभकारी और उत्पादक बनाया गया है। प्रधानमंत्री कुसुम योजना के माध्यम से किसानों को सौर ऊर्जा से जोड़कर सिंचाई को अधिक सुलभ, किफायती और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल योजनाओं के क्रियान्वयन के नहीं, बल्कि किसानों के जीवन में विश्वास, सम्मान और समृद्धि के नए अध्याय के वर्ष हैं। सरकार ने किसानों को केवल सहायता नहीं, बल्कि सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता का आधार प्रदान किया है।
आज बदलते भारत में किसान हित राष्ट्रीय प्राथमिकता बन चुका है और गांवों की समृद्धि ही विकसित भारत की मजबूत नींव बन रही है।




