August 8, 2026 2:12 am

मौत को दावत देता ट्रांसफार्मर: घर से सटाकर लगा रखा विद्युत विभाग ने, डर से घर छोड़कर भागा परिवार

औरास के हाजीपुर गोसा मजरा कोईलिया खेड़ा का मामला, कई बार शिकायत के बाद भी कुंभकरणी नींद में बिजली विभाग, हादसे का इंतजार

 

औरास उन्नाव।औरास क्षेत्र के हाजीपुर गोसा मजरा कोईलिया खेड़ा में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां विभाग ने घर से सटाकर ही बिजली का ट्रांसफार्मर लगा दिया है। हादसे के डर से पीड़ित परिवार घर छोड़कर बाहर रहने को मजबूर है।

 

तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि दो खंभों पर लगा ट्रांसफार्मर एकदम घर की दीवार से सटा हुआ है। नीचे लकड़ी के डंडों और चारपाई का कबाड़ रखा है। तार भी खुले और झूलते हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी में ट्रांसफार्मर धधकता है। चिंगारी या ब्लास्ट होने पर घर और उसमें रहने वाले लोग चपेट में आ सकते हैं।

 

पीड़ित परिवार का आरोप है कि ट्रांसफार्मर को सुरक्षित जगह शिफ्ट कराने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की गई, लेकिन विभाग कुंभकरणी नींद में सो रहा है। कोई सुनवाई नहीं हो रही। जान-माल के खतरे को देखते हुए परिवार ने घर में ताला डाल दिया है और रिश्तेदारी में रहने चला गया है।

 

स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर के नीचे बच्चे भी खेलते हैं। बरसात में करंट उतरने का खतरा और बढ़ जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ट्रांसफार्मर नहीं हटाया गया और कोई हादसा हुआ तो उसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

 

इस संबंध में जेई औरास से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीणों ने अधिशाषी अभियंता से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर ट्रांसफार्मर को आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया जाए।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!