ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी एसटीएफ ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गांजा तस्करी करने वाले गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर 123 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतर्राष्ट्रीय कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है।
एसटीएफ के मुताबिक 14 जून को वाराणसी के परमानन्दपुर, रोहनिया स्थित टीसीएल एक्सप्रेस कूरियर सर्विस के गोदाम पर छापा मारकर आजमगढ़ के जहानागंज, काजीपुर निवासी प्रेम चन्द्र मौर्या पुत्र राजेश मौर्या को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 123 किग्रा गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पिछले कुछ दिनों से यूपी एसटीएफ को विभिन्न राज्यों से गांजा तस्करी की सूचना मिल रही थी। निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने जानकारी जुटाई। सूचना मिली कि असम से गांजा खेप मंगाकर टीसीएल एक्सप्रेस के जरिए वाराणसी और आसपास के जिलों में सप्लाई हो रही है।
गोदाम की तलाशी में सिल्क साड़ी लिखे पैकेट्स में गांजा मिला। पूछताछ में पता चला कि असम के उदलगुड़ी का बबलू वर्मा गांजा पैक कराकर भेजता था। टीसीएल एक्सप्रेस गुवाहाटी के मैनेजर से मिलकर गांजा को कार्गो से वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया भेजा जाता था। वाराणसी भेजे जाने वाले पैकेट पर फर्जी नाम-पता और फर्जी नंबर लिखे होते थे। तस्कर 3800 रुपये प्रति किलो के हिसाब से ऑनलाइन पैसा ट्रांसफर करते थे।
गिरफ्तार प्रेम चन्द्र मौर्या के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर आगे की जांच एनसीबी कर रही है।




