जवाबी कार्रवाई में इंस्पेक्टर की बुलेट प्रूफ जैकेट में धंसी दो गोलियां
मौके का फायदा उठाकर एक कुख्यात बदमाश फरार
पुलिस को मौके से एक कार्बाइन, एक स्टेनगन व भारी मात्रा में कारतूस बरामद
अयोध्या जिले के मेमीघाट तिराहे के पास हुई मुठभेड़ का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के अलग-अलग जिलों में हत्या, लूट व रंगदारी जैसी संगीन घटनाओं को अंजाम देने के बाद फरार चल रहे एक लाख के इनामी कुख्यात बदमाश भानुप्रताप सिंह उर्फ बबलू यूपी एसटीएफ ने रविवार देर रात मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाते मौके से भाग निकला। एसटीएफ टीम को मौके से एक कार्बाइन, एक स्टेनगन व भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं। एडीजी एलओ अमिताभ यश के मुताबिक भानु एक खूंखार अपराधी था और उसके खिलाफ अलग-अलग जिलों में में कुल 41 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
27 अक्टूबर 2025 को आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र स्थित मंझरिया गांव निवासी दूध कारोबारी पति राज की गोली मारकर हुई हत्या के अलावा गोरखपुर जिले के बांस गांव क्षेत्र में लूट सहित यूपी के अलग-अलग जिलों में कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर फरार चल रहे एक लाख से अधिक रुपए के इनामी बदमाश भानुप्रताप सिंह उर्फ बबलू सिंह रविवार को किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में अपने एक साथी के साथ अयोध्या जिले के मेमीघाट क्षेत्र में मंडरा रहा है। इस सूचना पर एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन एवं इंस्पेक्टर जयप्रकाश राय टीम के साथ मौके पर पहुंची और चेकिंग अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि एसटीएफ टीम चेकिंग कर रही थी कि इसी रसूलाबाद की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध हालात में आते दिखे। एसटीएफ टीम उन्हें दबोचने के लिए घेरेबंदी की कि तभी बेखौफ बदमाशों ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग झोंकनी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में कुख्यात बदमाश भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एडीजी एलओ अमिताभ यश के मुताबिक भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र स्थित बिधनापार गांव का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि भानु एक खूंखार अपराधी था और उसके खिलाफ अलग-अलग जिलों के थानों में कुल 41 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बताया जा रहा है कि सुपारी किलर भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू की गिरफ्तारी के लिए एडीजी जोन प्रयागराज ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था, जबकि अंबेडकरनगर जिले से पचास हजार व गोरखपुर जिले से 15 हजार रुपए का इनाम घोषित था। एसटीएफ टीम को मौके से एक कार्बाइन, एक स्टेनगन व भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं।




