पुलिस नें शस्त्र फैक्ट्री का भी किया भंडाफोड़
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर अलग-अलग जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए इनामी बदमाशों, शातिर बाइक चोरों और अवैध शस्त्र बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। तीन जिलों की पुलिस टीमों ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
यूपी के चित्रकूट के थाना मऊ पुलिस ने 11 जून 2026 को ग्राम उभारी करमा से 15-15 हजार रुपये के 2 पुरस्कार घोषित आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए नौशाद अंसारी और इरशाद अंसारी, दोनों निवासी कटरा चौराहा उभारी करमा, थाना घूरपुर कमिश्नरेट प्रयागराज, शातिर किस्म के अपराधी हैं। ये थाना बरगढ पर दर्ज मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहे थे। इनकी गिरफ्तारी पर जनपद स्तर से 15-15 हजार का इनाम घोषित था। थाना मऊ पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यूपी के हरदोई के थाना अतरौली और एसओजी की संयुक्त टीम ने 12 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर 2 आरोपियों सर्वेश कुमार उर्फ भूपे निवासी ग्राम भेरका, थाना अतरौली और सीपू निवासी ग्राम गुरसंडा, थाना टडियावां को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की 7 मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
गिरफ्तार सर्वेश कुमार उर्फ भूपे के खिलाफ हरदोई के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन अभियोग पहले से दर्ज हैं। थाना अतरौली पुलिस ने मुकदमा दर्ज अभियोग पंजीकृत कर गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।
यूपी के मैनपुरी के थाना औंछा पुलिस ने 11 जून 2026 को सूचना के आधार पर दबिश देकर अवैध शस्त्र फैक्ट्री चला रहे 3 आरोपियों अशोक, प्रिन्स और पवन को गिरफ्तार किया। तीनों कस्बा व थाना औंछा, मैनपुरी के निवासी हैं। इनके कब्जे से 10 अवैध तमंचा 315 बोर के साथ-साथ तमंचे बनाने के उपकरण और पुर्जे भी बरामद हुए। थाना औंछा पुलिस ने आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस मुख्यालय ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




