August 8, 2026 2:13 am

यूपी पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर 

डकैती की घटना को अंजाम देकर अपने बचाव में जुटे थे बदमाश, बावरिया गिरोह के है सदस्य 

सर्च ऑपरेशन के दौरान हुईं मुठभेड़, दो पुलिस कर्मी भी घायल 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के मथुरा में टैंटीगांव डकैती कांड से जुड़ी बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया है। यह मुठभेड़ सुरीर थाना क्षेत्र में उस समय हुई जब पुलिस टीम वांछित अपराधियों की तलाश में इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी।

गौरतलब है कि 23 अप्रैल की रात टैंटीगांव में व्यापारी अजय अग्रवाल के घर में नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 30 लाख रुपये नकद और जेवरात लूट लिए थे।इस वारदात के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी और कई टीमें उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दे रही थीं। गुरुवार सुबह पुलिस को इनपुट मिला कि दोनों आरोपी इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान धर्मवीर उर्फ लंबू (भरतपुर) और राजेंद्र उर्फ पप्पू (अलवर) के रूप में हुई है। दोनों कुख्यात बावरिया गिरोह से जुड़े बताए जाते हैं।इस मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों बदमाशों का कई राज्यों में लंबा आपराधिक रिकॉर्ड था और वे डकैती व लूट जैसी कई घटनाओं में वांछित थे। इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस ने सुरक्षा और सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है।

 

 

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!