शिक्षा के मंदिर के द्वार पर कूड़े का ढेर, हैंडपंप के पास फैली गंदगी से बीमारी का खतरा; प्रधानाचार्य-BDO मौन
औरास उन्नाव। योगी सरकार भले ही साफ-सफाई को लेकर लाख वादे करे, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। औरास क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज इनायतपुर बर्रा के मुख्य द्वार पर कूड़े का अंबार लगा हुआ है। कॉलेज गेट के ठीक बगल में लगे हैंडपंप के पास गंदगी का ढेर स्वच्छ भारत अभियान को ठेंगा दिखा रहा है।
तस्वीर में साफ दिख रहा है कि ‘राजकीय इंटर कॉलेज इनायतपुर बर्रा, जनपद उन्नाव’ के मुख्य द्वार के बाईं ओर पॉलिथीन, कागज और सड़ा-गला कचरा फैला हुआ है। गेट पर लगे बोर्ड के अनुसार यहां मतदान स्थल सं. 208, 209 व 210 भी है। चुनाव के दौरान भी यही हाल रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गेट के पास लगा हैंडपंप छात्रों व राहगीरों के पीने के पानी का मुख्य स्रोत है। उसके चारों तरफ गंदगी होने से दूषित पानी और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। बदबू के कारण कॉलेज आना-जाना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार कॉलेज प्रशासन और विकास खंड अधिकारी औरास को सफाई के लिए कहा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सफाई कर्मी भी यहां झांकने नहीं आते। बरसात में स्थिति और भयावह हो जाएगी।
अभिभावकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक और एसडीएम औरास से मांग की है कि कॉलेज गेट के पास नियमित सफाई कराई जाए और कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाया जाए, ताकि बच्चों को स्वच्छ माहौल मिल सके।




