August 8, 2026 2:20 am

राजधानी बसों का किराया 10 प्रतिशत होगा कम

लखनऊ। प्रदेश परिवहन निगम के अध्यक्ष/प्रमुख सचिव वेंकटेश्वर लू की अध्यक्षता में बुधवार को परिवहन निगम के सभागार कक्ष में निदेशक मण्डल की 246वीं बैठक सम्पन्न हुई, जिस पर पूर्व से संचालित 168 राजधानी बसों का किराया 10 प्रतिशत कम करने, यातायात अधीक्षक एवं यातायात निरीक्षक को 02 सेट वर्दी की धनराशि भी उपलब्ध कराने, निगम में नॉन टिकटिंग राजस्व में वृद्धि, निगम की अप्रयोज्य भूमि संसाधनों के मॉनीटाइजेशन/राजस्व प्राप्ति की सम्भावनाओं, ट्रांसपोर्ट प्लानिंग और आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों के लिये नीति-निर्धारण किये जाने का प्रस्ताव पास किया गया।चेयरमैन परिवहन निगम ने बताया कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में समूह क एवं ख श्रेणी के रिक्त पदों की भर्ती के लिये उप्र लोक सेवा आयोग प्रयागराज से कराये जाने को प्रस्ताव शीघ्र भेजा जायेगा। इसके अलावा परिवहन निगम में कार्यरत संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों की भांति पारिवारिक यात्रा पास की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी।

दुर्घटनारहित संचालन करने वाले संविदा चालक/परिचालक को सुरक्षित चालन प्रोत्साहन योजना के तहत प्रतिमाह दुर्घटना शून्य भत्ता सम्मिलित होगा। दुर्घटना घटित होने के उपरान्त चालक/ परिचालक को उत्तम/उत्कृष्ट प्रोत्साहन योजना से हटा दिया जायेगा ।चेयरमैन ने बताया कि 100 नई स्टैंडर्ड वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों को क्रय कर बस बेड़े में सम्मिलित किया जायेगा तथा 250 नग स्टैंडर्ड वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों को जीसीसी मॉडल पर अनुबन्ध पर लिया जायेगा। प्रत्येक क्षेत्र के अधिक ऑफ रोड वाले एक-एक डिपो में बसों का रख-रखाव आउटसोर्स एजेन्सी के माध्यम से की जायेगी। नवीन अनुबन्धित योजना के अंतर्गत निजी संचालक द्वारा परिचालक भी उपलब्ध कराया जायेगा। बैठक में एमडी मासूम अली सरवर, अपर प्रबंध निदेशक अन्नपूर्णा गर्ग, विशेष सचिव केपी सिंह, देवाशीष दास गुप्ता ,निदेशक आईआईएम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!