एक सप्ताह के भीतर आधा दर्जन संगीन वारदात, फिर भी दावा, कंट्रोल में है अपराध
ए अहमद सौदागर लखनऊ। 12 सितंबर 2026- मड़ियांव थाने से कुछ दूरी पर 70 वर्षीय बुजुर्ग मगन तिवारी की चाकू मारकर हत्या।
नौ सितंबर 2026- तालकटोरा क्षेत्र में सैलून में काम करने वाले एक व्यक्ति ने पत्नी को बेरहमी से मार डाला।
15 सितंबर 2026- कृष्णानगर क्षेत्र में एक महिला की सिर कूच कर हत्या।
14 सितंबर 2026- बाराबिरवा स्थित एलडीए कालोनी सेक्टर बी में मजदूर रामबाबू मौर्या की गला रेत कर हत्या।
17 सितंबर 2026- काकोरी थाना क्षेत्र में महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई।
18 सितंबर 2026- बंथरा थाना क्षेत्र के खुर्रमपुर गांव निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला छिदाना गौतम की उन्हीं के घर में गला रेत कर हत्या कर दी गई।
16 सितंबर 2026- मोहनलालगंज क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या कर शव को हत्यारों ने बक्शे में भरकर फेंका।
राजधानी में एक सप्ताह के भीतर आधा दर्जन हुई संगीन घटनाओं से साफ है कि पुलिस अपराध रोकने में नाकाम है। आंकड़ों में अपराध दुरुस्त तो सबकुछ चाक-चौबंद और थानेदार की कुर्सी भी सुरक्षित है। यही वजह है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सनसनीखेज वारदात का सिलसिला थम नहीं रहा है।
साल के शुरुआती दिनों से लेकर अगस्त माह की बात छोड़ दें तो सिर्फ सितंबर महीने में एक के बाद एक हुई घटनाओं ने लोगों को दहशत में डाल दिया।
पुलिस भले ही कुछ वारदातों का राजफाश कर अपनी पीठ थपथपाई, लेकिन कड़वा सच यह है सिलसिलेवार तरीके से हुई घटना से पुलिस के गिरते इकबाल की गवाह है।
बंथरा थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला छिदाना गौतम की उन्हीं के घर में बेरहमी से हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस कातिलों की तलाश में अपनी पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
पुलिस की सक्रियता पर गौर करें तो मड़ियांव क्षेत्र में बाइक की टक्कर लगने के बाद बेखौफ बदमाशों ने बुजुर्ग मगन तिवारी की चाकू मारकर हत्या कर दी।
मोहनलालगंज क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या कर बदमाशों ने शव को लकड़ी के बक्से में भरकर फेंक दिया।
काकोरी में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर कातिलों ने शव को नहर की पटरी पर फेंक दिया।
कृष्णानगर क्षेत्र में महिला की सिर कूच कर हत्या कर दी गई।
बीते दिनों में छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो आधा दर्जन सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। इनमें पुलिस ने कुछ वारदातों का राजफाश कर कातिलों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की, लेकिन बुजुर्ग महिला छिदाना हत्याकांड पुलिस के लिए चुनौती बन कर रह गई।





