रहीमाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र के तरीना गांव से एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।
गांव के निवासी अभिषेक (पुत्र स्व० प्रसादी) ने पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर अपने पड़ोसी के मुर्गे के खिलाफ हमला करने और पड़ोसी पर गाली-गलौज करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
सोते समय मुर्गे ने किया हमला
पीड़ित अभिषेक ने बताया कि 22 सितंबर 2026 की सुबह लगभग 6:00 बजे वे अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान सामने रहने वाले पड़ोसी इस्लाम (पुत्र स्व० असगर) का पालतू मुर्गा चारपाई पर आ गया और उसने अभिषेक के दाहिने हाथ की उंगली पर जोर से काट लिया।
उंगली में लगाने पड़े 5 टांके
मुर्गे के काटने से उंगली गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। जब अभिषेक इलाज के लिए डॉक्टर के पास पहुंचे, तो घाव गहरा होने के कारण डॉक्टर को उनकी उंगली में 5 टांके लगाने पड़े।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने इस घटना की शिकायत पड़ोसी इस्लाम से की, तो उसने अपनी गलती मानने के बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इस्लाम ने धमकी देते हुए कहा, “यदि किसी ने मेरे मुर्गे या जानवर को हाथ लगाया तो गर्दन पर लात रखकर मारेंगे।”
पुलिस से कार्रवाई की मांग
पड़ोसी के इस व्यवहार और धमकी से भयभीत होकर पीड़ित ने थाना रहीमाबाद के प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।





