मलिहाबाद लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र में आज पिछले एक सप्ताह से हो रही लगातार बारिश अब मुसीबत बन गई है। बारिश के चलते शुक्रवार सुबह मलिहाबाद विकासखंड के भतोइया गांव निवासी कृष्ण कुमार का कच्चा मकान का एक हिस्सा धराशायी हो गया। इससे घर-गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया। वहीं गरीब परिवार के सामने संकट की स्थिति पैदा हो गई है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।
कृष्ण कुमार का परिवार का नित्य की भांति गुरुवार की रात खाना खाने के बाद दूसरे घर में सोया हुआ था। इसी दौरान शुक्रवार सुबह अचानक कच्चा मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। इसी कमरे में घर कुछ घर-गृहस्थी का सामान रखा हुआ था। मकान गिरने से सारा सामान नष्ट हो गया। यह संयोग ही था कि परिवार के लोग दूसरे घर में थे, वरना बड़ी वारदात से इनकार नहीं किया जा सकता। रुक-रुककर हो रही बारिश से धान की फसल को लाभ हुआ है लेकिन जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह कीचड़ और जलजमाव से परेशानी हो रही है।




