लखनऊ।(संवाददाता) गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को पूर्व ब्लॉक प्रमुख मार्टिनगंज, आजमगढ़ मनोज सिंह और किसान यूनियन के जिला प्रभारी विनोद सिंह की मुलाकात हुई। मनोज सिंह वंदे भारत ट्रेन से लखनऊ के गोमती नगर स्टेशन से दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात हुई। बातचीत में सामाजिक मुद्दों के साथ गांव और क्षेत्र की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मनोज सिंह ने कहा कि गांवों में आज भी कई ऐसी समस्याएं हैं, जिनके समाधान के लिए लगातार आवाज उठाने की जरूरत है। सड़क, पानी, बिजली, रोजगार और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों का विकास तभी संभव है, जब स्थानीय समस्याओं पर गंभीरता से काम हो।
वहीं किसान यूनियन के जिला प्रभारी विनोद सिंह ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याएं केवल किसी एक गांव या क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं। किसान अपनी उपज, सिंचाई, बिजली और अन्य सुविधाओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। इन मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ समाधान के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। गांव और किसान मजबूत होंगे, तभी क्षेत्र का विकास तेजी से होगा।
दोनों नेताओं ने सामाजिक और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर आगे भी संवाद बनाए रखने तथा ग्रामीणों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने पर चर्चा की।





