लखनऊ से जमात में आए थे बच्चे, औरास की शारदा नहर में हुआ हादसा
औरास उन्नाव। सहादतगंज, लखनऊ से जमात में आए बच्चों के समूह में से एक 14 वर्षीय किशोर की शारदा नहर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार सुबह औरास थाना क्षेत्र के शोभा खेड़ा स्थित शारदा नहर की है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, लखनऊ के अंबर गंज (थाना सहादतगंज) निवासी असाज अहमद (14) पुत्र शावेज अपने आठ साथियों के साथ 1 मई को घर से निकला था। ये सभी लोग लखनऊ के रहीमाबाद स्थित तिरगवां बिलाली मस्जिद में जमात के लिए आए थे। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे असाज अपने साथियों शोएब, अरमान, इस्माइल, अजमत, असहज, अखलद, आसीम और अमन के साथ औरास क्षेत्र के शोभा खेड़ा स्थित शारदा नहर में नहाने गया था।
दोस्त के हाथ से छूटा हाथ
नहाते समय झाल के पास पानी का बहाव बेहद तेज था, जिसकी चपेट में असाज आ गया। उसके साथी शोएब ने उसे बचाने की कोशिश की और हाथ भी पकड़ा, लेकिन पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि असाज का हाथ छूट गया और वह गहरे पानी में समा गया।
परिजनों ने नहीं की कोई कानूनी कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानी औरास पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने असाज के शव को बाहर निकाला। हादसे की खबर मिलते ही लखनऊ से परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने औरास पुलिस को लिखित तहरीर देते हुए थाना प्रभारी संजीव कुमार कुशवाहा ने बताया कि किशोर की मौत डूबने के कारण हुई है और वे इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं। औरास पुलिस ने पंचनामा की औपचारिकता के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद वे अंतिम संस्कार के लिए शव को लेकर लखनऊ रवाना हो गए।




