पचास बंडल बिजली तार, दो चार पहिया वाहन, 69000 रुपए की नकदी बरामदघटना का पर्दाफाश करने वाली टीम को डीसीपी दक्षिणी ने प्रशस्ति पत्र एवं 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है
ए अहमद सौदागर लखनऊ: सरोजनीनगर पुलिस और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के दरोगा खेड़ा गांव स्थित एक निर्माणाधीन मकान से स्टोर का ताला तोड़कर हुई डकैती का राजफाश करते हुए छह डकैतों को गिरफ्तार कर लिया है। डकैतों के कब्जे से पचास बंडल बिजली तार जिसकी कीमत तीस लाख रुपए, घटना में इस्तेमाल दो चार पहिया वाहन जिसकी कीमत 15 लाख रुपए व 69000 रुपए की नकदी बरामद हुई है। डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक पकड़े गए आरोपित अंतरराज्यीय स्तर पर गिरोह चलाते हैं और इनका एक संगठित गैंग है जो सुनसान स्थानों पर मौका मिलते ही डकैती डालने की बात स्वीकार किया है।
डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपितों की पहचान आगरा जिले के निबोहरा थाना क्षेत्र स्थित डॉक्टर पुरा गांव निवासी 25 वर्षीय मनीष सिंह उर्फ मनीष सिसोदिया पुत्र कुशलपाल ठाकुर, उपरोक्त निवासी 22 वर्षीय राहुल सिंह उर्फ बड्डा पुत्र विजय सिंह, गाजियाबाद जिले के ननका गढ़ी निवासी 35 वर्षीय वकील पुत्र नूर मोहम्मद, गाजियाबाद जिले के आसिफपुर निवासी 35 वर्षीय महताब पुत्र लियाकत अली, आगरा जिले के मूसेपुर निवासी 19 वर्षीय अतुल सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह व उपरोक्त निवासी 21 वर्षीय कुलदीप सिंह पुत्र रामवीर सिंह के रूप में हुई है।
26 अक्टूबर 2026 को सरोजनीनगर में पड़ी थी डकैती
डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक सैरपुर थाना क्षेत्र के नरहरपुर सैदापुर निवासी विकास अवस्थी ने सरोजनीनगर थाने पर लिखित तहरीर देकर बताया कि दरोगा खेड़ा स्थित निर्माणाधीन उदा देवी महिला बटालियन में 26 अक्टूबर 2026 की रात चार पहिया वाहन सवार कुछ अज्ञात लोगों ने स्टोर रूम का ताला तोड़कर वहां पर रखा पचास बंडल बिजली तार लूट ले गए। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर विकास अवस्थी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई थी।
बताया जा रहा है कि आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाला तो उसमें कुछ संदिग्ध लोगों की तस्वीर मिली तो पुलिस की रफ्तार और तेज हो गई। हालांकि पुलिसिया कहानी पर गौर करें तो इस घटना को पहले मामूली चोरी होने का मामला बताने में जुटी थी, लेकिन जैसे ही पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का राजफाश किया तो वही पुलिस अब इसी वारदात को डकैती होने की बात बताकर घटना को खुलासा किया है।




