August 8, 2026 2:12 am

सशक्त गांव ही समृद्ध प्रदेश और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव: केशव प्रसाद मौर्य

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सिविल लाइन, मुरादाबाद में अमर उजाला द्वारा आयोजित “उत्कृष्ट ग्राम प्रधान एवं लखपति दीदी समर्पण सम्मान समारोह” कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों एवं लखपति दीदियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सशक्त गांव ही समृद्ध प्रदेश और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव होते हैं। ग्राम्य विकास, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ग्राम प्रधानों एवं महिलाओं का योगदान ग्रामीण भारत के परिवर्तन का आधार बन रहा है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। डबल इंजन सरकार का लक्ष्य है कि विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने देश की आधी आबादी यानी महिलाओं के सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिकताओं में रखा है। महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी दिशा में लखपति दीदी अभियान महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने का सशक्त माध्यम बन रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की 3 करोड़ गरीब परिवारों की महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। अब इस लक्ष्य को बढ़ाकर 6 करोड़ लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया गया है। उत्तर प्रदेश में भी बड़ी संख्या में महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आज विभिन्न उत्पादों का निर्माण और बिक्री कर अपनी आय बढ़ा रही हैं। अनेक दीदियां प्रतिमाह अच्छी आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं में अद्भुत क्षमता है और उन्हें अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं।

श्री मौर्य ने ग्राम प्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। अब गांवों के समग्र विकास के लिए विकसित भारत – जी राम जी योजना के माध्यम से नई दिशा मिलने जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें अच्छी कार्ययोजना बनाकर गांवों में बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल सुविधाएं, आंगनबाड़ी केंद्र और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। प्रगतिशील किसान नई तकनीक अपनाकर खेती को लाभकारी बना रहे हैं और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहे हैं। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के घर, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से निःशुल्क राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधा तथा किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि आज सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों तक पहुंच रहा है। भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है और पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से जनता का विश्वास मजबूत हुआ है।

श्री मौर्य ने कहा कि गांवों का विकास ही उत्तर प्रदेश और देश के विकास का आधार है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक गांव आत्मनिर्भर बने, प्रत्येक परिवार खुशहाल हो और प्रत्येक महिला आर्थिक रूप से सशक्त बने।

इस अवसर पर उन्होंने अमर उजाला परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने का कार्य करते हैं।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!