चर्चित आईपीएस आशुतोष पाण्डेय की फर्जी फेसबुक आईडी से जुड़े तीन हजार लोग
ए अहमद सौदागर लखनऊ। आईपीएस अफसरों को ढाल बनाकर ठगी करने वाले जालसाजों ने अब चर्चित आईपीएस पुलिस महानिदेशक टेलीकॉम आशुतोष पाण्डेय के नाम से फेसबुक आईडी बनाकर जाल फैलाया है।
खास बात यह है कि चर्चित आईपीएस आशुतोष पाण्डेय के ट्रेंड रिक्वेस्ट को लगभग तीन हजार लोगों ने एक्सेप्ट कर लिया, इनमें पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों की बड़ी संख्या है।
जालसाजों ने रविवार को वरिष्ठ पत्रकार संजय त्रिपाठी को भी फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। पहले भी कई आईपीएस अधिकारियों की फर्जी फेसबुक आईडी से ठगी का पर्दाफाश कर चुके संजय त्रिपाठी ने आशुतोष पाण्डेय की फर्जी फेसबुक आईडी को तुरंत ताड़ लिया। उन्होंने गहराई तक जाने के लिए रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर ली। जालसाज ने तुरंत ही उन्हें मैसेज भेजकर खैर-खबर ली और अगले मैसेज में संजय त्रिपाठी से उनका मोबाइल फोन नंबर मांग लिया। साथ ही संदेश भेजा कि सीआरपीएफ में उनका मित्र सुमित कुमार है। जिसका बाहर तबादला हो गया है। वह अपना घरेलू सामान तुरंत बेचना चाहता है कृपया उसकी मदद कर दीजिए।
संजय त्रिपाठी ने पहले भी कई आईपीएस अधिकारियों की फर्जी फेसबुक आईडी से ठगी में फर्जी सीआरपीएफ अधिकारी सुमित कुमार का नाम इस्तेमाल किए जाने से वाकिफ थे। उन्होंने तुरंत उक्त फेसबुक आईडी से जुड़े लोगों को अलर्ट किया और आशुतोष पाण्डेय के भी नाम से फर्जी आईडी बनाकर ठगी किए जाने की जानकारी दी है।




