July 30, 2026 1:02 am

हजरतगंज: विधायक निवास की ऊपरी मंजिल से गिरकर पूर्व मंत्री नानक राम भुर्जी की मौत 

आत्महत्या और हादसे के बीच उलझी पुलिस

पुलिस को पोस्टमार्टम का इंतजार 

दारूलशफा में हुई घटना का मामला 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। हजरतगंज थाना क्षेत्र के दारूलशफा स्थित नए विधायक निवास की ऊपरी मंजिल से गिरकर 55 वर्षीय पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री नानक राम भुर्जी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका खून से लथपथ शव मंगलवार को बिल्डिंग के नीचे पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन कर उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि दारूलशफा स्थित नए विधायक निवास की ऊपरी मंजिल से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इस सूचना पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह के मुताबिक जांच पड़ताल में मृतक की पहचान 55 वर्षीय पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री नानक राम भुर्जी के रूप में हुई।

इंस्पेक्टर का कहना है कि छानबीन के दौरान पता चला है कि वह काफी दिनों से डिप्रेशन में रहते थे और वह आए दिन विधायक निवास में घूमते रहते थे। इंस्पेक्टर के मुताबिक इस मामले की सूचना घरवालों को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि मौत कैसे हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!