गुडंबा, गोमतीनगर विस्तार, गाजीपुर, गोमतीनगर, विभूतिखंड व चिनहट कोतवाली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई अहम चर्चा
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पूर्वी जोन की पुलिस ने बुधवार को होली पर्व और रमजान पर्व पर सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय लोगों के साथ पीस कमेटी की बैठक की।
होली पर्व और रमजान पर्व तथा आगामी होने वाली ईद पर सुरक्षा के मद्देनजर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक बुधवार को गुडंबा, गाजीपुर , गोमतीनगर, विभूतिखंड, चिनहट व गोमतीनगर विस्तार थाने में हुई, जिसमें कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सभी जोन के इंस्पेक्टरों ने बैठक को संबोधित करते हुए होलिका दहन और रंग पर्व के दौरान हुड़दंग मचाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से रमजान के दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पढ़ने से परहेज करने और निर्धारित मस्जिदों में ही नमाज अदा करने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारियों ने दोनों पर्व पर भी विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही। पुलिस टीम ने इस दौरान मौजूद गणमान्य लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में सुझाव भी मांगे। इस मौके पर क्षेत्र के दोनों समुदाय के संभ्रांत लोग मौजूद रहे।




