आगरा, मुरादाबाद, मेरठ, गाजियाबाद में मुठभेड़ के दौरान शौर्य दिखाने पर सम्मान
तीन पुलिसकर्मी शहीद, 9 को मेडल से नवाजा जाएगा
ए अहमद सौदागर लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश के 12 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को वीरता और शौर्य के लिए गैलेंट्री मेडल से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 3 शहीद पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
गृह विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार यह सम्मान आगरा, मुरादाबाद, गाजियाबाद और मेरठ में हुई मुठभेड़ों में अपराधियों को पकड़ने और मार गिराने में दिखाई गई बहादुरी के लिए दिया जा रहा है।
इसमें आगरा जिले के पांच पुलिसकर्मी शामिल हैं।
21 जुलाई 2021 को थाना जगनेर क्षेत्र में एक लाख रुपये के इनामी अपराधी बदन सिंह और एक अन्य अपराधी अक्षय सिंह उर्फ चंकी पाण्डेय के साथ मुठभेड़ हुई थी। इसमें दोनों अपराधी मारे गए थे। इस ऑपरेशन में शामिल तत्कालीन आगरा के आईजी मुनिराज जी, एपीपी सत्यजीत गुप्ता, निरीक्षक नरेन्द्र कुमार, आरक्षी आदेश त्रिपाठी और मुख्य आरक्षी प्रशान्त कुमार को गैलेंट्री मेडल मिलेगा।
वही मुरादाबाद जनपद के दो पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया जायेगा।10 जनवरी 2025 को थाना भोजपुर क्षेत्र में 1 लाख के इनामी असिफ उर्फ टिड्डा और 50 हजार के इनामी दीनू के साथ मुठभेड़ में दोनों मारे गए। इस कार्रवाई के लिए एएसपी बृजेश कुमार सिंह और मुख्य आरक्षी संजय सिंह को सम्मानित किया जाएगा।
वही गौतमबुद्धनगर के दो पुलिसकर्मी भी सम्मानित होंगे।
01 जनवरी 2023 को थाना बिसरख क्षेत्र में एसटीएफ टीम से मुठभेड़ में 1 लाख के इनामी अपराधी कपिल को मार गिराया गया। इस ऑपरेशन में शामिल डीआईजी एसटीएफ अक्षय परवीर कुमार त्यागी और मुख्य आरक्षी सुनील कुमार को मेडल मिलेगा।
मेरठ जनपद के दो पुलिसकर्मी भी सम्मानित होंगे। 04 मई 2023 को थाना जागृति क्षेत्र में एसटीएफ टीम की मुठभेड़ में 66 मुकदमों वाले अपराधी अनिल दुजाना को मार गिराया गया। इस दौरान शहीद हुए निरीक्षक सुनील कुमार और मुख्य आरक्षी दीपक कुमार को मरणोपरांत गैलेंट्री मेडल से नवाजा जाएगा।
शासन ने बताया कि इन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कुख्यात अपराधियों का अंत किया और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
15 अगस्त के मुख्य समारोह में इन वीर पुलिसकर्मियों को गैलेंट्री मेडल प्रदान किया जाएगा।





