लखनऊ। सहारा शहर में स्वच्छता अभियान के साथ महात्मा गांधी के जन्म दिवस को गांधी जयंती के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सहारा इंडिया परिवार के वरिष्ठ सलाहकार अनिल विक्रम सिंह ने समस्त टीम के साथ सहारा शहर गोमतीनगर के प्रांगण में पुष्पांजलि व माल्यार्पण करके श्रद्धा सुमन अर्पित किया। श्री सिंह ने बताया कि हमारे अभिभावक सहाराश्रीजी हमेशा से बापू के अहिंसा सिद्धांत का समर्थन करते रहे हैं और उनके आदर्शो को व्यवहारिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी भारत के स्वाधीनता आंदोलन के प्रमुख चेहरों में थे जिन्होंने सिर्फ भारत मे ही नहीं बल्कि दुनिया भर में अहिंसा की मशाल जलायी।
यही कारण है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती को पूरा देश राष्ट्रीय पर्व के तौर पर मानता है जिसके परिप्रेक्ष्य में सरकार ने एक अक्टूबर को बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने के लिए “एक तारीख, एक घंटा, एक साथ” अभियान छेड़ा और यह प्रेरणा दी कि हमें स्वच्छता को अपनी आदत में शुमार करना चाहिए। स्वच्छ भारत एक साझा जिम्मेदारी है इस अभियान को केवल एक या दो दिन नहीं बल्कि अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए और सभी सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने का प्रयास करना चाहिए।




