लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) उत्तर प्रदेश ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अन्तर्राज्यीय ड्रग्स तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को धरदबोचा। आरोपी प्रेम बाबू उर्फ राज कुमार के पास से लगभग 25 ग्राम कोकिन (अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 25 लाख रुपये) और 50 ग्राम मेफेड्रान (MD) (कीमत करीब 5 लाख रुपये) बरामद हुई। यह गिरफ्तारी प्रेरणा पार्क के सामने, रेडियो कॉलोनी, सेक्टर-8 में की गई।
सूत्रों के अनुसार, प्रेम बाबू पहले लखनऊ के एक होटल में काम करता था, जहां उसकी मुलाकात एक ड्रग नेटवर्क से हुई। इसके बाद उसने दिल्ली के पालमपुर इलाके में रहने वाले एक नाइजीरियन से ड्रग्स लेकर लखनऊ में सप्लाई करना शुरू कर दिया। वह 6 मई को फ्लाइट से दिल्ली गया और वहां से बस के जरिए मादक पदार्थ लेकर लखनऊ पहुंचा था।
गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से दो एटीएम कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड और कुछ नकद रुपये भी बरामद किए गए। एस.टी.एफ.को पिछले कुछ समय से राजधानी व आसपास के जिलों में सक्रिय ड्रग नेटवर्क की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी कड़ी में निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
अब आरोपी के खिलाफ गाजीपुर थाने में NDPS एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




