August 8, 2026 4:50 am

15 अगस्त को लाल किले पर आयोजित स्वतन्त्रता दिवस कार्यक्रम की साक्षी बनेंगी उत्तर प्रदेश की 14 लखपति दीदियां

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। देश की आज़ादी के राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस)को नई दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर आयोजित ध्वजारोहण समारोह की उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की विभिन्न जनपदों से चयनित 14 लखपति दीदियाँ साक्षी बनेंगी। यह अवसर ना केवल उनके जीवन यात्रा की कहानी को सम्मानित करता है, बल्कि प्रदेश की ग्रामीण महिलाशक्ति की आत्मनिर्भरता का भी प्रतीक है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कुशल निर्देशन में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों महिलाएं आज विभिन्न उद्यमों में लगकर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह में भागीदारी को लेकर लखपति दीदियों में गहरा उत्साह है।

इन 14 चयनित दीदियों के साथ उनके पति या एक सहयोगी भी दिल्ली यात्रा करेंगे। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े दो विशेष प्रतिनिधि भी टीम के साथ होंगे। उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य 13 अगस्त को प्रातः 10 बजे अपने कैम्प कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग, लखनऊ से उन्हें दिल्ली के लिए बस द्वारा रवाना करेंगे। 14 अगस्त को ये महिलाएं दिल्ली में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भ्रमण करेंगी।

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि दीदियों की यात्रा, ठहराव एवं अन्य व्यवस्थाएं नियमानुसार और गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित कराई जाएं।श्री मौर्य ने कहा है कि इन दीदियों की यह भागीदारी नारी सशक्तिकरण, सामूहिक शक्ति और आत्मनिर्भर भारत की भावना को एक नई ऊँचाई देगी।

राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की मिशन निदेशक श्रीमती दीपा रंजन ने बताया कि ये दीदियाँ विशेष अतिथि के रूप में दिल्ली के समारोह में भाग लेंगी। दिल्ली जाने वाली लखपति दीदियों मे हरदोई से ममता जौहर, झाँसी से निशा देवी,सुल्तानपुर से ललिता मौर्य, देवरिया से रेणु देवी,लखीमपुर खीरी से उमा देवी, रुचि वर्मा, व सुनीता देवी,फतेहपुर से कांति देवी व लक्ष्मी देवी,मिर्ज़ापुर से शशिबाला सोनकर, राखी कृष्णा सिंह,संत कबीर नगर से विंद्रावती देवी, व संतोषी देवी तथा सोनभद्र से निर्मला देवी हैं।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!