कातिल गिरफ्तार, घटना में इस्तेमाल अवैध तमंचा, कारतूस खोखा व मृतक का दो मोबाइल फोन बरामद
अवध विहार योजना के सेक्टर आठ में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। जिस सूचीबद्ध अपराधी 30 वर्षीय सचिन यादव उर्फ कालिया की पांच मई 2026 को सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के अवध योजना विहार सेक्टर आठ स्थित खाली प्लाट में हत्या कर लाश मिली थी उसकी हत्या दो लोगों ने मिलकर गोली मारकर की थी। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का राजफाश कर गुरुवार को दो हत्यारोपितों को गिरफ्तार किया है। छानबीन में पता चला कि मृतक दबंग किस्म का था और पान-मसाला खाने के बाद दुकानदार को रुपए नहीं देता था। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि मृतक सचिन यादव 16 दिन पहले जेल से छूटा था और इसके खिलाफ पीजीआई थाने में आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को पकड़े गए आरोपितों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल अवैध तमंचा, कारतूस खोखा व मृतक का दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
सनद रहे कि पांच मई 2026 को सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अवध विहार योजना के सेक्टर आठ के पास खून से लथपथ शव पड़ा मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी कि इसी मृतक की पहचान पीजीआई क्षेत्र स्थित रेवतापुर सकूरपुर निवासी 30 वर्षीय सचिन यादव उर्फ कालिया के रूप में हुई थी। इस मामले में मृतक के भाई जितेन्द्र कुमार यादव की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की।
बताया जा रहा है कि शुरूआती दोर में घरवालों ने जमीन के विवाद को लेकर अपने चाचा विजय पर आरोप लगाया था, लेकिन इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी ने गहनता से जांच पड़ताल की तो मामला कुछ और ही सामने निकलकर आया।
पुलिस के मुताबिक छानबीन के दौरान पता चला कि सचिन की हत्या किसी परिवार का नहीं बल्कि उसकी हत्या लेन-देन के विवाद को लेकर हुई थी। पुख्ता सबूत मिलते ही इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी की टीम ने सर्विलांस सेल की मदद से गुरुवार को दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए हत्यारोपियों की पहचान सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित देवामऊ गांव निवासी कमल सिंह यादव उर्फ टिंकू व सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित धावाहार गांव निवासी संतोष कुमार यादव के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपित संतोष गुमटी में पान-मसाला बेचता है, जबकि कमल सिंह यादव एक निजी स्कूल का बस चालक है। पुलिस का कहना है कि आरोपित कमल ने अपना जुर्म इक़बाल करते हुए कहा कि रिश्ते में मेरा साला संतोष एक गुमटी में पान-मसाला की दुकान खोल रखा और मृतक सचिन यादव द्वारा सामन लेने के बाद पैसे नहीं देता था। यह भी बताया कि मांगने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी देता था।इसी से परेशान होकर सचिन यादव की हत्या किए जाने की बात स्वीकार किया है। पुलिस को इनके पास से घटना में इस्तेमाल अवैध तमंचा, कारतूस खोखा व मृतक के दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।




