मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर भूना
भिटौली तिराहे पर रविवार रात हुई घटना का मामला, इलाके में फैली सनसनी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में संगीन वारदात होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बीते दिनों अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि अब मड़ियांव थाना क्षेत्र के भिटौली तिराहे पर रविवार रात असलहों से लैस बेखौफ बदमाशों ने 28 वर्षीय रेस्टोरेंट मालिक विजय यादव के ऊपर गोलियों की बौछार कर मौत की नींद सुला दिया। बदमाशों ने सिर में गोलियां मारी। मामले की जानकारी पाकर पुलिस उपायुक्त उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन कर खून से लथपथ तड़प रहे विजय को ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश या पैसे के लेन-देन का मामला मान रही है। पुलिस उपायुक्त उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी के मुताबिक आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई है और उम्मीद है कि जल्द ही हत्यारे पकड़ लिए जाएंगे।
सैरपुर थाना क्षेत्र स्थित तरहिया गांव निवासी 28 वर्षीय विजय यादव पुत्र हनुमान प्रसाद यादव मड़ियांव के भिटौली तिराहे पर ढाबा एंड फेमिली रेस्टोरेंट चलाते थे। बताया जा रहा है कि रोज की तरह विजय यादव रविवार को अपने रेस्टोरेंट पर बैठे थे कि इसी दौरान असलहों से लैस मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश उनके पास आ धमके। वह कुछ समझ पाते कि बदमाशों ने उनके ऊपर गोलियों की बौछार शुरू कर दी। बदमाशों ने सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर गोलियां दाग कर मौत की नींद सुलाने के बाद असलहा लहराते हुए मौके से भाग निकले। पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर हुई सनसनीखेज वारदात ने पुलिस गश्त की पोल खोल दी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विजय यादव को ट्रामा सेंटर ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी के मुताबिक इस मामले में बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई है और उम्मीद है कि जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे। वहीं इलाज के दौरान मौत होने की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया।
जानने वाले हैं करीबी
जिन बदमाशों ने विजय यादव की हत्या की वह उसके जानने वाले ही बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस इस मामले में अभी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। पुलिस का मानना है कि या तो उसकी हत्या पुरानी रंजिश को लेकर या फिर इस पूरी घटना के पीछे रुपए के लेन-देन का विवाद है। पुलिस उसके रेस्टोरेंट पर काम करने वाले नौकरों से भी पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस उपायुक्त उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी का कहना है कि इस मामले में कई बिंदुओं पर गहनता से जांच पड़ताल कर कातिलों की तलाश की जा रही है।




