August 8, 2026 2:56 am

भर्ती परीक्षा में मोबाइल पहुंचने पर गिरी गाज, दो दरोगा सस्पेंड कई सिपाहियों के खिलाफ जांच शुरू

ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के गोरखपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान हुई सुरक्षा चूक ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परीक्षा केंद्र के भीतर एक अभ्यर्थी के पास मोबाइल मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो दरोगाओं को निलंबित कर दिया, जबकि छह पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बिहार के नालंदा निवासी एक युवक परीक्षा देने के लिए गोरखपुर आया था। आरोप है कि उसने मोबाइल फोन को कपड़ों में छिपाकर सुरक्षा जांच पार कर ली और परीक्षा कक्ष तक पहुंच गया। परीक्षा शुरू होने के बाद उसकी हरकतों पर कक्ष निरीक्षकों की नजर पड़ी। जांच करने पर उसके पास से मोबाइल बरामद हुआ।परीक्षा केंद्र प्रशासन ने अभ्यर्थी को तुरंत परीक्षा से बाहर कर दिया और पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद उसे हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।घटना की जांच में सामने आया कि प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने जांच प्रक्रिया में अपेक्षित सतर्कता नहीं बरती। इसी लापरवाही को देखते हुए उपनिरीक्षक अंकित कुमार और चंद्रेश्वर यादव को निलंबित कर दिया गया। वहीं छह आरक्षियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पूरे मामले की विस्तृत जांच एसपी नॉर्थ को सौंपी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!