डीजी यूपी 112 नें किया सम्मानित
ए अहमद सौदागर लखनऊ। सेवा, सुरक्षा और शांति का नारा जमीन पर उतारते हुए यूपी 112 की पीआरवी 5344 ने अमेठी में एक व्यक्ति की जान बचा ली। फंदे पर लटके व्यक्ति को समय रहते उतारकर जवानों ने बड़ा हादसा टाल दिया। इस तत्परता के लिए पुलिस महानिदेशक, यूपी 112 विनोद कुमार सिंह ने पूरी टीम को सम्मानित किया।
दोपहर 1:36 बजे यूपी 112 कंट्रोल रूम को अमेठी के थाना जगदीशपुर अंतर्गत ग्राम सरेसर से विवाद की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पीआरवी 5344 मौके पर पहुंची।टीम ने देखा कि एक व्यक्ति ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा है और खोल नहीं रहा। अनहोनी की आशंका पर जवानों ने एक पल गंवाए बिना पड़ोसी की छत से घर में प्रवेश किया। अंदर का नजारा देख सब सन्न रह गए – व्यक्ति गमछे का फंदा बनाकर फांसी पर लटक चुका था। कमांडर हरिओम उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने तुरंत गमछा काटा और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। समय पर मिली मदद से व्यक्ति की जान बच गई।
इस सराहनीय कार्य के लिए डीजी यूपी 112 ने पीआरवी- 5344 के जवानों को पुरस्कृत किया। जिसमें कमांडर हरिओम उपाध्याय औऱ सब कमांडर प्रमिला तिवारी, कौशिक सिंह औऱ पायलट पवन कुमार सरोज शामिल है।
डीजी विनोद कुमार सिंह ने कहा कि “पीआरवी निरंतर अच्छा कार्य कर रही है। अपने कर्तव्य निर्वहन से उत्तर प्रदेश पुलिस का मान बढ़ा रही है।पीआरवी
कर्मियों की त्वरित कार्रवाई पूरे विभाग के लिए गर्व का विषय है।
यूपी 112 की पीआरवी टीमें समय-समय पर सड़क हादसे, घरेलू विवाद और आत्महत्या के मामलों में जान बचाकर मानवीय चेहरा दिखा रही हैं। 112 पर कॉल करते ही मिनटों में मदद पहुंच रही है।




