August 8, 2026 3:00 am

बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम को मिली बड़ी कामयाबी: एक लाख के इनामी कुख्यात बदमाश को मुठभेड़ में किया ढेर 

नौ जून 2026 को निर्माणाधीन मंदिर परिसर में बुजुर्ग पुजारी बाबा मिलन दास की हत्या कर फरार चल रहा था खूनी इजराइल 

उपनिरीक्षक के बुलेट प्रूफ जैकेट में धंसी गोली, बदमाश की गोली से आरक्षी घायल 

खूंखार इजराइल उर्फ इसराइल पर एक लाख रुपए का था इनाम

पुलिस को मौके से अवैध असलहा व घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद 

आगरा एक्सप्रेसवे अंडर पास के पास हुई मुठभेड़ का मामला 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। बीते नौ जून 2026 को बांगरमऊ कस्बा स्थित एक निर्माणाधीन मंदिर में 60 वर्षीय पुजारी बाबा मिलन दास की चाकू से गोद कर निर्मम हत्या करने वाले इनामी कुख्यात बदमाश इजराइल उर्फ इसराइल को सोमवार सुबह तड़के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन एवं सीओ बांगरमऊ संतोष सिंह के देखरेख में लगी बांगरमऊ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। इजराइल के शरीर में गोली लगते ही वहीं पर उसका अंत हो गया। मुठभेड़ के दौरान हुए आमने-सामने की फायरिंग में उपनिरीक्षक नियूटन सिंह के बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली जा धंसी, जिससे वह बाल-बाल बच गए, जबकि आरक्षी उपाध्याय के हाथ में गोली लगने से जख्मी हो गया।

पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अफसरों ने इजराइल पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस को मौके से एक अवैध तमंचा, कारतूस खोखा व घटना में इस्तेमाल खून से सना चाकू बरामद हुआ है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के मुताबिक मुठभेड़ में मारा गया बदमाश इजराइल उर्फ इसराइल उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र स्थित पूरवीया टोला का रहने वाला था।

उन्होंने बताया कि इजराइल उर्फ इसराइल एक शातिर किस्म का अपराधी था और वह बीते नौ जून 2026 को उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के पश्चिमी छोर पर स्थित बोधेश्वर मंदिर से करीब दो सौ मीटर पर एक निर्माणाधीन मंदिर की देखभाल कर रहे 60 वर्षीय पुजारी बाबा मिलन दास की चाकू से गोद कर बेरहमी से मौत की नींद सुलाने के बाद भाग निकला था।

ऐसे हुई कातिल की पहचान

सीओ बांगरमऊ संतोष कुमार सिंह के मुताबिक यह सनसनीखेज वारदात मानो पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी। उन्होंने बताया कि इस मामले की गहनता से छानबीन शुरू की गई तो पता चला कि पुजारी बाबा मिलन दास की जान इसी इलाके में रहने वाले इजराइल उर्फ इसराइल पुत्र सकूर ने घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि सबूत हाथ लगते ही उनकी अगुवाई में लगाई गई पुलिस की टीमें उसकी गर्दन दबोचने के लिए जगह-जगह जाल बिछाया, लेकिन वह हाथ नहीं लग रहा था। फरार चल रहे इजराइल उर्फ इसराइल की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।

सीओ बांगरमऊ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह तड़के मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि पुजारी हत्याकांड को अंजाम देने वाला कुख्यात बदमाश इजराइल आगरा एक्सप्रेसवे पर स्थित अंडर पास के पास मौजूद है और वह कहीं भागने की फिराक में है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर बांगरमऊ के नेतृत्व में गठित टीम में शामिल उपनिरीक्षक नियूटन सिंह, एसओजी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेरेबंदी कर कातिल इजराइल को पकड़ने का प्रयास किया तो वह पुलिस टीम पर फायरिंग झोंकनी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की टीम ने मुठभेड़ के दौरान इनामी बदमाश इजराइल उर्फ इसराइल को मार गिराया। इस दौरान उपनिरीक्षक नियूटन सिंह के बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली जा धंसी जिससे वह बाल-बाल बच गए। वहीं मुठभेड़ के दौरान बदमाश द्वारा चलाई गई गोली से आरक्षी उपाध्याय के हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। सीओ बांगरमऊ संतोष कुमार सिंह मुठभेड़ में ढेर हुआ इजराइल एक शातिर किस्म का कुख्यात अपराधी था। उन्होंने बताया कि मौके से एक अवैध तमंचा, कारतूस खोखा व घटना में इस्तेमाल खून से सना चाकू बरामद हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!