जमीन के बंटवारे को लेकर खूनी बना कलयुगी बेटा
अतरौरा गांव में हुई घटना का मामला, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। महिगवां थाना क्षेत्र स्थित अतरौरा गांव पिता-पुत्र के बीच जमीन बंटवारे को लेकर चली आ रही रंजिश ने खूनी रूप अख्तियार कर लिया। बौखलाए कलयुगी बेटे फावड़े से वारकर बूढ़े बाप को मौत की नींद सुला दिया। अचानक गांव में हुई घटना से हड़कंप मच गया और देखते ही देखते तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिगवां थाना क्षेत्र स्थित अतरौरा गांव निवासी रामकुमार यादव परिवार के साथ रहकर खेती-किसानी करते थे। बताया जा रहा है कि रामकुमार यादव और उनके बेटे महेंद्र यादव के बीच पैतृक जमीन को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। शुक्रवार रामकुमार यादव खेत में खड़ी करवी (झाड़ियों ) को ट्रैक्टर से जुताई करवा रहे थे कि इसी दौरान पिता-पुत्र के बीच बंटवारे को लेकर कहासुनी हो गई और देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई है कि कलयुगी बेटे महेंद्र के ऊपर खून सवार हो गया।
बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र के बीच हो रही झगड़ा को देख आसपास के खेतों में काम कर रहे स्थानीय लोग बीच-बचाव करने के लिए दौड़े कि इससे पहले बेरहम महेंद्र ने पिता रामकुमार यादव के सिर पर फावड़े से वारकर लहुलुहान कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घरवालों की मदद से उन्हें अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।




