August 8, 2026 3:59 am

भारत टेक्स-2026 में यूपी की संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे खादी-वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान 

‘भविष्य की बुनाई’ राज्य सत्र में निवेश, इनोवेशन और समावेशी विकास पर होगा मंथन  

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को वस्त्र एवं परिधान उद्योग का प्रमुख निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान 14 एवं 15 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित भारत टेक्स-2026 (Bharat Tex 2026) में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री राकेश सचान 14 जुलाई को लखनऊ से नई दिल्ली पहुंचेंगे और भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय वस्त्रोद्योग मंत्री के साथ सहभागिता करेंगे। इसके अलावा वे प्रदर्शनी एवं विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर उत्तर प्रदेश के वस्त्र, हथकरघा, खादी एवं रेशम क्षेत्र की उपलब्धियों तथा निवेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे।

15 जुलाई को मंत्री राकेश सचान भारत मंडपम में आयोजित “उत्तर प्रदेश राज्य सत्र : भविष्य की बुनाई – टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश, इनोवेशन और समावेशी विकास” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे, दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे तथा उत्तर प्रदेश में वस्त्र एवं परिधान उद्योग के विकास, निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को लेकर सरकार की नीतियों को विस्तार से प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश में वस्त्र क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन, विभागीय प्रस्तुतीकरण जैसे आयोजन भी होंगे।

योगी सरकार का उद्देश्य निवेशकों, उद्योग जगत और नीति निर्माताओं के समक्ष उत्तर प्रदेश को टेक्सटाइल एवं परिधान उद्योग के लिए सबसे अनुकूल राज्य के रूप में स्थापित करना है। इसके साथ ही पारंपरिक हथकरघा, खादी और रेशम उद्योग को आधुनिक तकनीक, नवाचार, विपणन और निवेश से जोड़ते हुए प्रदेश के कारीगरों, बुनकरों और उद्यमियों को नई पहचान एवं व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!