August 8, 2026 3:03 am

मेटा के अलर्ट पर 5 मिनट में पहुंची पुलिस, बचाई 21 साल के युवक की जान

प्रेम में असफलता से अवसाद में था युवक, कलाई पर ब्लेड चला रहा था

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। सोशल मीडिया पर आत्महत्या का वीडियो डालने के महज 5 मिनट के अंदर पुलिस ने युवक के घर पहुंचकर उसकी जान बचा ली। कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर की इस तत्परता की हर ओर सराहना हो रही है।

बीती रात करीब 03:48 बजे थाना बिसरख क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय युवक ने इंस्टाग्राम पर खुद को चाकू मारने का वीडियो और आत्महत्या से संबंधित टेक्स्ट पोस्ट किया।

युवक अपनी प्रेमिका से मिल नहीं पा रहा था। प्रेमिका के परिजनों ने दोनों के मिलने पर प्रतिबंध लगा दिया था और युवती को गांव भेज दिया था। इसी अवसाद में उसने यह कदम उठा लिया।

पोस्ट होते ही मेटा कंपनी ने तत्काल डीजीपी मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल से अलर्ट भेजा।

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर मुख्यालय ने मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की लोकेशन ट्रेस कर गौतम बुद्ध नगर पुलिस को दी।सूचना मिलते ही थाना बिसरख के उपनिरीक्षक अनुज और मुख्य आरक्षी विकास तोमर बिना देरी किए मात्र 5 मिनट में पीड़ित के घर पहुंच गए। कमरे में युवक कलाई पर ब्लेड से कट लगाने का प्रयास कर रहा था और बड़बड़ा रहा था। पुलिस ने तुरंत ब्लेड छीनकर उसे परिजनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद युवक को घर भेज दिया गया।

सामान्य होने पर युवक ने बताया कि वह 12वीं पास है और मजदूरी करता है। प्रेम में नाकामी के कारण वह मानसिक तनाव में था। पुलिस की काउंसलिंग के बाद उसने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया।

परिजनों ने पुलिस की संवेदनशीलता और समय पर मदद के लिए आभार जताया।यूपी पुलिस और मेटा के बीच 2022 से यह व्यवस्था लागू है। यदि कोई फेसबुक या इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट करता है तो मेटा तुरंत पुलिस को अलर्ट भेजता है।

 

पुलिस मुख्यालय के अनुसार एक जनवरी 2023 से पांच जुलाई 2026 तक ऐसे अलर्ट पर कार्रवाई कर 3322 लोगों की जान बचाई जा चुकी है।इस नवाचार के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को स्कोच अवार्ड -2025 और अन्य अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!