लखनऊ। (संवाददाता) खुन खुन जी गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में छात्राओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्थापित ओपन जिम का उद्घाटन स्थानीय पार्षद श्री अनुराग मिश्र जी द्वारा किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंशु केड़िया एवम श्री निरंजन शर्मा जी ने मुख्य अतिथि का स्वागत अंगवस्त्र एवम पुष्पगुच्छ देकर किया। अन्य अतिथियों का स्वागत भी पुष्पगुच्छ देकर किया गया।अपने स्वागत संबोधन में प्राचार्या ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य भी अत्यंत आवश्यक है। जिम की स्थापना छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने बताया कि परिसर में जिम की स्थापना के लिए कॉलेज लम्बे समय से प्रयासरत था, नगर निगम द्वारा लगाए गए एवम पार्षद श्री अनुराग मिश्रा जी के माध्यम से शुरू हुए इस जिम से आज यह इच्छा पूरी हो पायी हैl
इस अवसर पर पार्षद जी की ओर से महाविद्यालय को एक नया समर्सिबल (Submersible Pump) भी भेंट किया गया एवम अपने उद्बोधन मे उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। छात्राओं को नियमित व्यायाम एवं फिटनेस के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंशु केड़िया एवं समस्त शिक्षकों को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान निरंतर छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने छात्राओं के साथ साथ टीचिंग स्टाफ को नियमित रूप से जिम का उपयोग करने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं फिटनेस गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में श्री निरंजन शर्मा, श्री विक्रम सिंह (अवर अभियंता, जल निगम), लाजपत नगर सोसायटी के अध्यक्ष एवं महामंत्री श्री राजेश बत्रा, श्री अजय आनंद जी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने महाविद्यालय में विकसित हो रही आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अपने सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन प्राचार्या डॉ अंशु केडिया के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ इस दौरान महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवम छात्राएँ उपस्थित रहीं। अंत में सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





