शिवालयों पर विशेष इंतजाम, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
दो पालियों में पुलिस जवान रहेंगे मुस्तैद: संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था
ए अहमद सौदागर लखनऊ। शुक्रवार को श्रावण मास का पहला दिन है इस मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस कम कस ली है। कांवड़ियों और शिवभक्तों को किसी तरह की कोई दिक्कत न आए इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है।
शहर की प्रमुख धार्मिक प्रतिष्ठानों, शिवालयों जैसे कि नागेश्वर महादेव मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, महाकालेश्वर मंदिर, ओंकारेश्वर मंदिर, बुद्धेश्वर महादेव मंदिर व चन्द्रिका देवी मंदिर सहित अन्य मशहूर मंदिरों व संवेदनशील स्थानों पर किसी तरह की कोई दिक्कत न आ सके इसके लिए भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट द्वारा शहर के संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
मंदिर परिसरों में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे की मदद ली जा रही है, जिससे हर एक शख्स की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा सिविल डिफेंस, डिजिटल वॉलिंटियर तथा विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि खासकर शिवालयों, कांवड़ यात्रा रूट, संवेदनशील स्थानों तथा मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर डायल 112, पालीगान मोबाइल तथा एंटी रोमियो स्क्वायड व पिंक मोबाइल के अलावा सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इस दौरान यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।



