घटना को अंजाम देकर बाइक सवार लुटेरे फरार, पुलिस ने की नाकेबंदी, लेकिन हाथ मसल कर रह गई
सेक्टर जे जानकीपुरम में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लुटेरों के निशाने पर है। गुडंबा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति के गले से मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने झपट्टा मारकर चेन छीन कर भाग निकले।
वह शोर मचाते हुए पीछे-पीछे दौड़े लेकिन चंद मिनटों में ही बदमाश आंखों से ओझल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस एक बार फिर हमेशा की तरह क्षेत्र में नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन लुटेरों का कुछ सुराग नहीं लगा। पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर मामले की छानबीन कर रही है।
मूल रूप से जनपद लखीमपुर-खीरी निवासी डॉ पवन कपूर गुडंबा क्षेत्र के सेक्टर जे जानकीपुरम में रहते हैं। बताया जा रहा है कि रोज की तरह डॉ पवन कपूर शुक्रवार सुबह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए अपने घर के पीछे गली में पहुंचे कि तभी हेलमेट लगाए एक बाइक सवार दो युवक उनके पास आ धमके। डॉक्टर कुछ समझ पाते कि बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन कर फर्राटा भरते हुए मौके से भाग निकले।
डॉक्टर शोर मचाते हुए कुछ दूर तलक गए, लेकिन बदमाश भाग निकले।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस लुटेरों की तलाश में क्षेत्र में नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। पुलिस के मुताबिक आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश की जा रही है।




