लखनऊ। (संवाददाता) हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत एक यात्रा के साथ हुई। ठाकुरगंज क्षेत्र स्थित मुसाहिब गंज बजरंगी लाल साहू कालेज
से निकाली गई इस यात्रा में हजारों स्कूली बच्चे शामिल हुए। बच्चों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता के जयकारे लगाए तथा देशभक्ति गीत बजे।
स्कूलों के शिक्षक और प्रधानाचार्य भी मौजूद थे।बच्चों ने अनुशासित ढंग से कतारबद्ध होकर मुख्य मार्गों पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ मार्च किया। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा का नेतृत्व क्षेत्रीय विधायक नीरज बोरा ने किया।
विधायक के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान देशभक्ति के नारे लगाए गए। यात्रा में शामिल बच्चों में उत्साह देखा गया, वे देशभक्ति गीत गाते और नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।
बजरंगी लाल साहू कालेज से शुरू हुई यह यात्रा ठाकुरगंज क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से गुजरी। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और देश की एकता, अखंडता तथा राष्ट्रप्रेम का संदेश देने के लिए जागरूक करना था।
इस यात्रा में सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति विवेक सिंह तोमर, मण्डल अध्यक्ष दया शंकर पांडेय, मण्डल प्रभारी प्रमोद सिंह, पार्षद अनुराग मिश्रा ‘अन्नू भैया’, पार्षद सी.बी. सिंह, महामंत्री राम औतार कन्नौजिया, शालू टंडन, संतोष तेवतिया, रमेश चंद्रा, श्री अभिनव श्रीवास्तव समेत वार्ड अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष एवं समस्त बीजेपी मण्डल कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।





