‘विकसित यूपी बैठक’ में उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास, सुशासन और निवेश से जुड़े विषयों पर की सार्थक चर्चा
न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को प्रयागराज में इंडिया टुडे ग्रुप के डिजिटल समाचार चैनल ‘यूपी तक’ द्वारा आयोजित ‘विकसित यूपी बैठक’ में सम्मिलित होकर प्रदेश के विकास एवं सुशासन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार निवेश, रोजगार, बुनियादी ढांचे और उद्योग के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज निवेश और औद्योगिक विकास के लिए देश के प्रमुख राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाना है। सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी और विकसित प्रदेश बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।




