एक किलो 15 ग्राम अवैध हेरोइन, एक चार पहिया वाहन, चार मोबाइल फोन व 1,290 रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध लखनऊ के मार्गदर्शन एवं पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट गाजीपुर की टीम ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर एक महिला सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ टीम को इनके पास से एक किलो 15 ग्राम अवैध हेरोइन, एक चार पहिया वाहन, चार मोबाइल फोन व 1,290 रुपए की नकदी बरामद हुई है। बरामद अवैध हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में दो करोड़ पांच लाख रुपए बताई जा रही है।
एएनटीएफ गाजीपुर की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से गुरुवार को बड़ा खुलासा किया है। गाजीपुर जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित लालनपुर के पास चेकिंग के दौरान एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार सवार तीन तस्करों को धर दबोचा। इस गिरोह में एक महिला तस्कर शामिल है जिसकी आड़ में गिरोह मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा था।
एएनटीएफ के प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र नाथ सिंह ने बताया कि पकड़े गए तीनों तस्करों ने पूछताछ में अपना नाम गाजीपुर जिले के ग्राम सरैया पोस्ट छावनी लाइन थाना कोतवाली निवासी राकेश यादव उर्फ गामा पुत्र रमाकांत सिंह यादव, गाजीपुर जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित तुलसीपुर निवासी कृष्ण बिहारी उर्फ पिंटू प्रजापति पुत्र स्व राजकुमार प्रजापति व गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र स्थित गौसपुर गांव निवासी रीना यादव पत्नी जीउत बंधन यादव बताया। एएनटीएफ टीम को इनके पास से एक किलो 15 ग्राम अवैध हेरोइन, एक चार पहिया वाहन, चार मोबाइल फोन व 1,290 रुपए की नकदी बरामद हुई है।
एएनटीएफ टीम के मुताबिक पकड़े गए तीनों तस्करों ने पूछताछ में बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है जो एक बड़े तस्कर के साथ मिलकर इस गोरखधंधे को अंजाम देते हैं। आरोपी राकेश यादव ने पुलिस को बताया कि अवैध मादक पदार्थ हेरोइन को झारखंड के चौपारण बाजार से लाकर मध्यप्रदेश के राजगढ़ से दूसरे व्यक्ति को सप्लाई करने के गाजीपुर से होते हुए वाराणसी के रास्ते जा रहे थे कि धर लिए गए।
इस गुड वर्क पर खुश होकर अफसरों ने एएनटीएफ टीम के प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र नाथ सिंह, हेड कांस्टेबल संजय सिंह रजावात, कांस्टेबल जयंत सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार चौरसिया, कांस्टेबल शिवांश राय, कांस्टेबल देवानंद, कांस्टेबल इन्द्र पाल सिंह, महिला कांस्टेबल मुस्कान यादव, महिला कांस्टेबल ज्योति मौर्या के अलावा गाजीपुर जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र के चौकी प्रभारी विवेक कुमार पाठक, कांस्टेबल रविशंकर विद्यार्थी व कांस्टेबल विशाल कुमार को शाबाशी दी।





