November 2, 2026 11:12 pm

मिशन शक्ति 6.0 : अपनों ने छोड़ा बेसहारा, खाकी बनी सहारा

त्योहारों पर नारी संरक्षण गृहों में बांटी खुशियां, आगरा की बुजुर्ग महिला की कहानी ने सबको भावुक किया

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए शारदीय नवरात्रि पर 11 से 20 अक्टूबर तक प्रदेश भर में मिशन शक्ति अभियान 6.0 चलाया जा रहा है। इस बार अभियान की थीम है – अपनों ने छोड़ा बेसहारा, खाकी बनी सहारा।

अभियान के तहत 14 अक्टूबर को प्रदेश के सभी कमिश्नरेट और जिलों में राजपत्रित अधिकारियों ने नारी संरक्षण गृहों और आश्रय गृहों में रह रही निराश्रित महिलाओं और बालिकाओं के साथ दशहरा-दीपावली की खुशियां साझा कीं। अधिकारियों ने त्योहारी सामग्री, खाद्य सामग्री, साड़ियां, कंबल व अन्य आवश्यक वस्तुओं के लगभग 22 हजार पैकेट वितरित किए। प्रदेश के 314 नारी संरक्षण / आश्रय गृहों में रह रही 12,870 महिलाओं / बालिकाओं को यह मदद पहुंचाई गई।

यूपी के आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में एक बुजुर्ग महिला ने अपनी पीड़ा साझा की। महिला के तीन बेटे हैं, तीनों ने घर से निकाल दिया। किराए के कमरे में बिना भोजन के रह रही थी। पड़ोस के एक स्कूली बच्चे ने कई दिन भूखी देखकर चुपचाप अपना टिफिन देना शुरू कर दिया। बच्चे की मां को पता चला तो वह बुजुर्ग को वृद्धाश्रम ले आई, जहां वह पिछले 15 वर्षों से रह रही हैं। पुलिस अधिकारियों को अपने बीच पाकर उनकी आंखों में आंसू छलक पड़े।

मिशन शक्ति के तहत मंदिरों और पूजा पंडालों में 18,866 महिला चौपाल आयोजित कर 7,05,167 कल्याणकारी योजनाओं के पंफलेट बांटे गए।वही वाहन चेकिंग में 2,20,281 वाहन चेक किए, 4,287 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटाई और करीब 22 हजार चालकों पर कार्रवाई की गई।एंटी रोमियो स्क्वाड ने 29,907 स्थानों पर 2,73,935 लोगों को चेक किया, 383 मुकदमे दर्ज कर 415 को गिरफ्तार किया और 1,05,524 को चेतावनी दी।गुजारा भत्ता व घरेलू विवाद से संबंधित न्यायालय से प्राप्त 29,026 समन तामील कराए गए। ग्राम पंचायतों / वार्डों में 13,086 चौपालों में 5.18 लाख लोगों ने हिस्सा लिया, 4.44 लाख प्रचार सामग्री बांटी गई। मौके पर प्राप्त 21,056 प्रार्थना पत्रों में से 2,085 का निस्तारण, 98 की गिरफ्तारी और 1,860 पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!