लखनऊ। लखनऊ जिले के मलिहाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत शेरपुर भौसा गांव में खेत में धान का पूरा बाँधने के विवाद को लेकर पुरानी रंजिश और साजिश के तहत एक जानलेवा हमला हुआ। यह घटना 24 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे की है।
शिकायतकर्ता श्रवण कुमार (पुत्र सुन्दर लाल, निवासी शेरपुर भौसा) द्वारा थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, उनके चाचा रामप्रसाद और चाची रामप्यारी अपने खेत में धान का पूरा बाँधने जा रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे विपक्षी रामदीन (पुत्र स्व. मुन्नालाल) और अन्य अज्ञात साथियों ने योजनाबद्ध तरीके से उन पर बांके और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इस हमले में चाचा रामप्रसाद, चाची रामप्यारी और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बीच-बचाव करने पहुँची पीड़ित की पत्नी पर भी हमला किया गया। शोर शराबा होने पर जब अन्य लोग मौके पर पहुँचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने इस मामले में प्राथी की तहरीर के आधार पर आरोपी रामदीन व अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।



