42 इंस्पेक्टरों का इंटरव्यू, सात थानेदारों की कुर्सी पर संकट और नए चेहरों की हो सकती एंट्री
लखनऊ पुलिस में दीपावली से पहले बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज़!
ए अहमद सौदागर लखनऊ। दीपावली से पहले लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में थानेदारी को लेकर बड़ा फेरबदल होने के संकेत मिल रहे हैं। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने थाना प्रभारी बनने की दौड़ में शामिल 42 इंस्पेक्टरों का इंटरव्यू लिया है। इनमें 10 इंस्पेक्टर पुलिस लाइन, 9 विभिन्न कार्यालयों और 23 अन्य थानों में तैनात हैं।
चर्चा है कि इस कवायद के बाद करीब सात मौजूदा थाना प्रभारियों को हटाकर नए चेहरों को थानों की कमान सौंपी जा सकती है। बेहतर कार्यशैली, अनुभव और प्रदर्शन के आधार पर इंस्पेक्टरों की तैनाती पर मंथन किया जा रहा है।
इस संभावित फेरबदल से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। एक तरफ नए चेहरों को थानेदारी मिलने की उम्मीद है, तो दूसरी तरफ मौजूदा थाना प्रभारियों की कुर्सी पर भी अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं।
अब सबकी निगाहें पुलिस कमिश्नर के अंतिम फैसले पर टिकी हैं। दीपावली से पहले किसे थानेदारी का तोहफा मिलेगा और किसकी कुर्सी जाएगी, इसका फैसला जल्द हो सकता है।




