November 3, 2026 6:59 pm

लखनऊ में यातायात माह शुरू, सीपी ने दिखाई बाइक रैली को हरी झंडी

सड़क सुरक्षा नहीं, जिंदगी बचाने का मिशन  

ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी की सड़कों पर रफ्तार का कहर रोकने के लिए लखनऊ पुलिस ने कमर कस ली है। राजधानी में यातायात माह-2026 की रविवार को शुरुआत हो गई। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने रिजर्व पुलिस लाइन से 400 बाइक सवारों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर इसका आगाज किया।

पूरा नवंबर अब ट्रैफिक नियमों के नाम रहेगा। पुलिस लाइन में हुए शुभारंभ कार्यक्रम में पहले गोष्ठी हुई, फिर नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को समझाया गया कि एक छोटी सी चूक, बिना हेलमेट, तेज रफ्तार, रॉन्ग साइड और मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चलाना कैसे पूरे परिवार की खुशियां छीन लेता है।

कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त बब्लू कुमार, डीसीपी यातायात अनिल यादव, डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय समेत परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

हरी झंडी के बाद निकली रैली में शामिल सभी 400 बाइकर्स ने हेलमेट पहनकर नियमों के पालन का संदेश दिया। रैली के जरिए पुलिस ने साफ कहा – दो पहिया पर आगे-पीछे दोनों के लिए हेलमेट जरूरी है, कार में सीट बेल्ट, नशे में गाड़ी नहीं, मोबाइल से दूरी और एंबुलेंस-फायर ब्रिगेड को तुरंत रास्ता दें।

यातायात माह इस बार सिर्फ चालान काटने तक सीमित नहीं रहेगा। पुलिस ने 5ई का पूरा प्लान तैयार किया है। इसमें स्कूल-कॉलेज, चौराहों, ऑटो-ई रिक्शा स्टैंड पर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

अभियान में बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीड, नशे में ड्राइविंग, तीन सवारी, काली फिल्म और गलत पार्किंग पर सख्त कार्रवाई होगी।इसके अलावा जहां ज्यादा एक्सीडेंट होते हैं, उन ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर साइन बोर्ड, जेब्रा क्रॉसिंग और लाइटें दुरुस्त कराई जाएंगी।

वही एक्सीडेंट के बाद गोल्डन ऑवर में मदद कैसे करें, नेक मददगार योजना क्या है, ये बताया जाएगा।

पीयूसी , लेन सिस्टम और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देकर प्रदूषण और जाम दोनों घटाने की कोशिश होगी।यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर कोई हादसा दिखे तो तुरंत 112 या 108 पर कॉल करें और घायल की मदद से पीछे न हटें।

पुलिस का कहना है – यातायात नियमों का पालन चालान से बचने के लिए नहीं, जिंदगी बचाने के लिए करें।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!