लखनऊ। (संवाददाता) सीतापुर रोड स्थित प्रियदर्शिनी कॉलोनी के सेक्टर-बी स्थित भागवत पार्क प्रांगण में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के पंचम दिवस बुधवार को श्री गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कथा व्यास आचार्य संतोष भाई जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी बाल लीलाओं, माखन चोरी, गोचारण और गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। कथा के दौरान पूरा परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भजनों से गूंज उठा।
आचार्य संतोष भाई जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के नामकरण संस्कार का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि महर्षि गर्गाचार्य ने गोकुल में भगवान का नामकरण संस्कार संपन्न कराया था। भगवान के आगमन से नंद बाबा और माता यशोदा का घर आनंद और उत्साह से भर गया था।
माखन चोरी लीला का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं भक्त और भगवान के बीच प्रेम के अद्भुत संबंध को दर्शाती हैं। भगवान माखन के नहीं, बल्कि भक्तों के निर्मल हृदय में बसे प्रेम के चोर हैं। प्रभु को पाने के लिए निष्कपट प्रेम, श्रद्धा और समर्पण आवश्यक है।
गोचारण लीला के प्रसंग में उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण अपने सखाओं के साथ गौमाताओं को चराने वन में जाते थे। उनकी यह लीला संसार को गौसेवा, मित्रता, करुणा और सेवा भाव का संदेश देती है।
इसके बाद आचार्य जी ने श्री गोवर्धन लीला का महत्व बताते हुए कहा कि जब इंद्रदेव को अपने सामर्थ्य का अभिमान हो गया और उन्होंने ब्रजवासियों पर मूसलाधार वर्षा की, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ब्रजवासियों की रक्षा की। यह लीला संदेश देती है कि जो भक्त सच्चे मन से भगवान की शरण में जाता है, प्रभु सदैव उसकी रक्षा करते हैं।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक गोवर्धन लीला की झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया। भक्ति संगीत, भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान की आराधना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर आर.के. सिंह, सिंह वीर सिंह, जितेंद्र सिंह, नंदलाल जी, निर्देश दीक्षित, अजीत सोनी, शेखर सिंह, कैलाश चतुर्वेदी, श्रीकांत मिश्रा, दुर्गेश गुप्ता, अनुज सिंह, आलोक गुप्ता, डॉ. आर.एन. सिंह, दिनेश पाठक, सुदर्शन पाल, धर्मदेव जी, घनश्याम जी, राकेश रावत, उमा प्रसाद पांडेय, हरिनाम एवं रेखा श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





