सीतापुर। (संवाददाता) कलेक्ट्रेट सभागार में नागरिक सुरक्षा संगठन की प्रथम अधिकारी कमान बैठक जिलाधिकारी एवं नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा संगठन आपदा व आपातकाल में प्रशासन और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। इसलिए संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय किया जाए और अधिक से अधिक नागरिकों को स्वयंसेवक व वार्डन के रूप में जोड़ा जाए।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री आयुष चौधरी ने संगठनात्मक व्यवस्था मजबूत करने व विभागों के साथ समन्वय पर जोर दिया।
उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा श्री वेद प्रकाश ने संगठन की वर्तमान स्थिति, संरचना व आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि वार्डनों की संख्या बढ़ाई जाएगी, नए स्वयंसेवकों की भर्ती, नियमित प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल व जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने वार्डनों के व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षण कैलेंडर बनाने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में अग्निशमन, प्राथमिक उपचार, खोज-बचाव, सुरक्षित निकासी, यातायात व भीड़ प्रबंधन शामिल होगा। इसके लिए अग्निशमन, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, पुलिस सहित अन्य विभागों का सहयोग लिया जाएगा।
चीफ वार्डन श्री संजय बंसल ने भर्ती व प्रशिक्षण में तेजी लाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने चीफ वार्डन श्री संजय बंसल को उनके सक्रिय नेतृत्व के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
बैठक में डिप्टी चीफ वार्डन श्री अभिषेक अग्रवाल, डिवीजनल वार्डन श्री विजय जायसवाल, डिप्टी डिवीजनल वार्डन श्री तन्मय बंसल, सेक्टर वार्डन आशीष कुमार, ग्राम बरातपुर, तहसील महोली सहित सभी अधिकारी कमान व वार्डन उपस्थित रहे।




