अपने ही अफसर के मामले में ढीले-ढाल रवैया अपना रही पुलिस
पुलिस का दावा शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं तो गहने कहां चला गया, जमीन या फिर आसमान…
आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की हुई हत्या का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। अंबेडकरनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र स्थित धवरूआ मजरे रूढ़ा गांव निवासी आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 94 वर्षीय इंद्रा देवी की बेरहमी से हत्या कर कीमती जेवरात लूट लिए। वारदात को पांच दिन हो गए। करीब डेढ़ दर्जन पुलिसकर्मी करीबियों से लेकर इलाकाई सूचीबद्ध बदमाशों के बारे में जांच-पड़ताल की। स्थानीय पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच से लेकर सर्विलांस टीमें हर बिंदुओं पर पड़ताल की, लेकिन पांच दिन गुजरने के बाद भी कातिलों का सुराग नहीं लगा।
पुलिस की टीमें पेशेवर अपराधियों के साथ-साथ घर आने-जाने वाले लोगों के बारे में भी नजर रखे हुए है। ये टीमें आसपास के जिलों में भी डेरा डालकर छानबीन कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इन टीमों से अपराधियों के बारे में कुछ सुराग मिलने की उम्मीद है। वहीं एक पुलिस अधिकारी ने दावा किया है कि वारदात से पहले कितने लोगों का आईपीएस अफसर आशुतोष मिश्रा के घर की दहलीज पर आना-जाना था इसके बारे में भी गहनता से छानबीन की जा रही है।
हालांकि जानकार बताते हैं कि एसपी अंबेडकरनगर प्राची सिंह सहित अन्य पुलिस के अधिकारी अभी भी हत्या किए जाने की बात स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं जबकि बुजुर्ग महिला इंद्रा देवी की अगर हत्या नहीं हुई तो आखिर शरीर से गहने कहां गायब हो और उनके मुंह में कपड़ा किसने ढूंसा था।
मालीपुर पुलिस तथा पुलिस अफसर भले ही तरह-तरह की बयानबाजी करते फिर रहे हों, लेकिन कड़वा सच यह है अंबेडकरनगर पुलिस अपने ही पुलिस अधिकारी को गुमराह कर रहे हैं।
सनद रहे कि अंबेडकरनगर जिले के रहने वाले आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 94 वर्षीय बुजुर्ग मां इंद्रा देवी की शनिवार रात बेखौफ बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर शरीर से गहने लूट ले गए थे। इस सनसनीखेज मामले की जानकारी उस समय हुई जब नौकरानी पियारी रविवार सुबह घर पर काम करने आई थी।
उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और शरीर से जेवरात भी गायब थे। इस मामले की जानकारी मिलते ही एसपी अंबेडकरनगर प्राची सिंह सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन कर घटना को ही संदिग्ध हालात में मौत होने की बात बताने में जुट गई थी। पुलिस भले ही कातिलों को जल्द ही पकड़ कर घटना का राजफाश करने का डंका बजाया, लेकिन स्थानीय पुलिस की कार्रवाई से आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा संतुष्ट नहीं हैं। वह बस इतना कह रहे हैं कि पुलिस अपने स्तर से छानबीन कर रही है।





