शिकायतों के लिए विशेष प्रकोष्ठ सक्रिय, पीड़ित सीधे दे सकते हैं प्रार्थना पत्र
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी की पुलिस कमिश्नरेट ने अधिवक्ता के वेश में सक्रिय होकर भूमि, भवन, प्लॉट और मकानों पर अवैध कब्जा करने वाले आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। इसके लिए विशेष प्रकोष्ठ पूरी तरह सक्रिय है।
यह प्रकोष्ठ उच्च न्यायालय इलाहाबाद, लखनऊ खंडपीठ में विचाराधीन क्रिमिनल रिट पिटीशन संख्या 8810/2023 – अनिल कुमार खन्ना बनाम उत्तर प्रदेश सरकार में 02 दिसंबर 2023 को पारित आदेश के अनुपालन में बनाया गया है।
इसको लेकर 08 दिसंबर 2023 को पुलिस आयुक्त ने संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) को नोडल अधिकारी नामित करते हुए इस प्रकोष्ठ का गठन किया।
इस प्रकोष्ठ का मुख्य उद्देश्य अधिवक्ता का वेश धारण कर संगठित गिरोह बनाकर संपत्ति पर अवैध कब्जा करने, धोखाधड़ी, दबंगई और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ मिलने वाली शिकायतों की निगरानी करना और त्वरित विधिक कार्रवाई सुनिश्चित कराना है।
हाईकोर्ट ने इस प्रकोष्ठ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस ने एक बार फिर आमजन को जानकारी दी है ताकि पीड़ित बिना भय के शिकायत कर सकें।
अगर कोई इस तरह के लोगों से परेशान हैं तो कक्ष संख्या-36, संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) कार्यालय, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में करें। इसके प्रभारी उप निरीक्षक रामेश्वर तिवारी को बनाया गया हैं। जिनका मोबाइल नम्बर 9454634500 हैं।पीड़ित व्यक्ति सीधे कार्यालय में उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र दे सकते हैं। इसके साथ ही संबंधित थाने पर शिकायत दर्ज कराने की पूर्व व्यवस्था भी यथावत जारी रहेगी।
लखनऊ पुलिस ने अपील की है कि अधिवक्ता के वेश में होने वाली किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत दें, जिससे अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई कर आमजन की संपत्ति और अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





