August 8, 2026 2:14 am

इंदिरानगर के बाद अब तालकटोरा में स्कूल ले जाते समय चार साल की मासूम से वैन में चालक ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार 

राजाजीपुरम में दरिंदगी: एक बार फिर बच्चियों की सुरक्षा पर खड़े हुए सवाल 

पिछले दिनों हुई घटनाओं के बाद भी नहीं चेते जिम्मेदार अफसर 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। पुलिस के आलाधिकारियों के तमाम दावों के बावजूद राजधानी लखनऊ में मासूम बच्चियों के साथ होने वाली घटनाएं थम नहीं रहीं हैं। तालकटोरा थाना क्षेत्र के आलमनगर क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के वैन चालक ने चार वर्षीय मासूम से स्कूल ले जाते और लाते समय वैन में दुष्कर्म किया। बदहवास बच्ची ने सारी बात मां को बताई। मां शिकायत लेकर स्कूल पहुंची तो वहां पर कोई सुनवाई न होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी।

यह सुनते पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप दुबे ने दुष्कर्म की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर उन्नाव निवासी दरिंदे चालक गिरिश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है।

यह राज उस समय खुला जब मासूम बच्ची की तबीयत बिगड़ी। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी कमलेश दीक्षित के मुताबिक इस मामले गंभीरता से गहन जांच पड़ताल की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में स्कूल प्रशासन के खिलाफ भी कदम उठाया जाएगा, ताकि भविष्य में स्कूल प्रशासन ऐसे लोगों को नौकरी पर न रख सकें।

तालकटोरा थाना के राजाजीपुरम इलाके में रहने वाले पिता ने बताया कि उनकी चार वर्षीय बेटी इलाके के एक निजी स्कूल में नर्सरी की छात्रा है। वह हर रोज़ मूल रूप से उन्नाव व हाल पता सपना कॉलोनी निवासी वैन चालक गिरिश मिश्रा की वैन से स्कूल आती-जाती थी।

बताया जा रहा है कि रोज की तरह वह शुक्रवार को स्कूल गई तो बेखौफ वैन चालक गिरिश मिश्रा सुनसान स्थान पर वैन खड़ी कर मासूम बच्ची को हवस का शिकार बना डाला। घर पहुंचने पर मासूम बच्ची डरी-सहमी सी थी। उसके चेहरे पर खौफ और बदहवास हालत में देख घरवालों ने पूछा तो वह रोते हुए पूरी बात बयां की तो घरवालों के होश उड़ गए।

जानकारी होने पर पिता आनन-फानन में अस्पताल ले गए और मेडिकल कराया, जिसमें रेप की पुष्टि होने पर घरवाले थाने गए।

पुलिस उपायुक्त पश्चिमी कमलेश दीक्षित के मुताबिक आरोपी चालक गिरिश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बिलखते हुए बोली मासूम बच्ची… वैन चालक ने की थी घिनौनी हरकत

 

बेटी ने नानी और मां को बताया कि वैन चालक अंकल ने स्कूल ले जाते और लाते समय उसके साथ कई बार शैतानी की। मासूम बच्ची ने इशारों से वैन चालक दरिंदे की ओर इशारा किया और उसके पूरे करतूत बताई। यह सुनते मां, नानी और एक निजी कंपनी में काम करने वाले पिता के होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्ची वैन में अकेली थी।

स्कूली वैन में बच्चियों को स्कूल जाना कितना सुरक्षित !

इससे पहले 18 जुलाई 2025 इंदिरानगर क्षेत्र में भी एक वैन चालक मोहम्मद आरिफ ने भी की थी दरिंदगी

इंदिरानगर क्षेत्र के बाद तालकटोरा इलाके में मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के बाद स्कूली वैन में सवार होकर स्कूल जाना बच्चियों के लिए सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्कूली वैन में मासूम बच्चियों एवं लड़कियों का जाना कितना सुरक्षित है, इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है। शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों में दौड़ रही स्कूली वैन की निगरानी का कोई ठोस सिस्टम न पुलिस के पास है और न स्कूल प्रशासन के पास।

देखा जाए तो जब भी स्कूली वैन या फिर बस बच्चों व बच्चियों को स्कूल ले जाते समय और लाते समय इन वाहनों में चालक के साथ एक खलासी भी होता ताकि बच्चे या बच्चियों को सुरक्षित घर पहुंचाया जा सके।

तालकटोरा क्षेत्र में हुई घटना से यही लग रहा है कि स्कूल प्रशासन कोई खलासी की व्यवस्था शायद नहीं किया था। अगर खलासी वैन में होता तो मासूम बच्ची दरिंदगी की शिकार होने से बच सकती थी। यह सवाल फिलहाल हर किसी को बेचैन कर रहा है।

योजनाएं ठंडे बस्ते में, दरिंदों का बोलबाला

स्कूली वैन या बस में सुरक्षा को लेकर पुलिस के आलाधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरे से लेकर कई तरह की योजनाएं बनाई और साथ ही अफसरों ने कई बार स्कूल प्रशासन के साथ बैठक भी की, इसके बाद भी स्कूल प्रशासन नियम-कानून तोड़ने से बाज नहीं आ रहा है।

बीते साल इंदिरानगर क्षेत्र में चार साल की मासूम बच्ची से दरिंदगी हुई तो कुछ दिनों के लिए सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन जागा, लेकिन कुछ दिनों बाद ही ऐसी गहरी नींद में सोया कि शुक्रवार को तालकटोरा इलाके में एक वैन चालक गिरिश मिश्रा ने घिनौनी हरकत कर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!