उन्नाव। (संवाददाता) औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा औरास में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ रास्ते में अचानक एक भारी चिलवन का पेड़ गिरने से दो बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक लगभग 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में एक महिला भी शामिल है, जिसकी नाजुक हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
बाल कटाने निकले थे घर से बाहर
जानकारी के अनुसार, गोबरा गाँव निवासी नरेश का 14 वर्षीय पुत्र विशाल और राममूरत का लगभग 20 वर्षीय पुत्र सुजीत दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर बाल कटाने के लिए औरास कस्बे की एक दुकान पर आए थे। दुकान पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण दोनों वापस सीमऊ की तरफ जा रहे थे।
अचानक बाइक पर गिरा भारी पेड़
दोनों युवक जैसे ही कस्बा औरास में वीरेंद्र पंडित के घर के सामने (औरास नर्सरी पुलिया से करीब 300 मीटर पहले) पहुँचे, तभी अचानक एक चिलवन का विशालकाय पेड़ उनकी बाइक पर गिर गया। पेड़ के मलबे में दबने से 14 वर्षीय विशाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सुजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीछे आ रही महिला भी हुई हादसे का शिकार
इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी बाइक पर सवार सीमऊ निवासी बिरजू वर्मा की 23 वर्षीय पुत्री रिंकी वर्मा भी पेड़ की चपेट में आ गई। रिंकी औरास कस्बे से घरेलू सामान खरीदकर अपने घर वापस लौट रही थी। पेड़ गिरने से वह भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
पुलिस और प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही औरास थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। नगर पंचायत और बिजली विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर पेड़ को कुल्हाड़ी और कटर की मदद से काटा गया। इसके बाद पेड़ के नीचे दबे युवकों और महिला को बाहर निकाला गया।
घायलों को लखनऊ किया गया रेफर
पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से तुरंत सभी घायलों को औरास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुँचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला रिंकी वर्मा की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




