52 किलो ग्राम अवैध गांजा, एक कार, एक मोबाइल फोन व 400 रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट प्रयागराज ने नैनी क्षेत्र से गांजे की खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्कर के पास से 52 किलो ग्राम अवैध गांजा, एक कार, मोबाइल फोन व 400 रुपए की नकदी बरामद हुई है। बरामद अवैध गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 26 लाख रुपए बताई जा रही है।
एएनटीएफ टीम के उपनिरीक्षक सत्येन्द्र प्रधान के मुताबिक रविवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि एक तस्कर कार में लादकर मादक पदार्थ (गांजा) आजाद गौशाला पुराना यमूना पुल से अरैल बंधा रोड होते हुए आने वाला है। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर वह उपनिरीक्षक मनीष कुमार, कांस्टेबल आशीष यादव, कांस्टेबल नीरज पांडेय व नैनी थाने में तैनात उपनिरीक्षक श्रीराम उपाध्याय, उपनिरीक्षक उत्कर्ष सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार राय, कांस्टेबल विकास उपाध्याय व कांस्टेबल जयमेश कुमार के साथ मौके पर पहुंचे और नाकेबंदी कर कार सहित आरोपी को धरदबोचा।
एएनटीएफ के उपनिरीक्षक सत्येन्द्र प्रधान के मुताबिक पकड़े गए तस्कर ने पूछताछ में अपना नाम प्रयागराज जिले के करैली थाना क्षेत्र स्थित सैदपुर निवासी विकास पाल बताया।
एएनटीएफ का कहना है कि इस पकड़े गए तस्कर ने पूछताछ में बताया कि कौशांबी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी कार में अवैध गांजा रख दिया था और कार नंबर प्लेट भी बदल दिया था। तस्कर ने एएनटीएफ टीम को बताया कि बड़े तस्कर के बताए गए स्थान पर मादक पदार्थ की सप्लाई करने की बात स्वीकार किया है। एएनटीएफ टीम के मुताबिक पकड़े गए तस्कर के पास से बरामद अवैध गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 26 लाख रुपए बताई जा रही है।




