ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के वाराणसी के थाना बड़ा गांव से से फरार चल रहे पचास हजार रुपए के इनामी बदमाश दीपक उर्फ कन्हैया उर्फ पहलवान को यूपी एसटीएफ नें जनपद वाराणसी के थाना चोलापुर के जमुनीपुर से गिरफ्तार किया है।वाराणसी के थाना बड़ा गांव में दर्ज मुकदमे में वांछित 50 हजार का पुरस्कार घोषित शातिर अपराधी दीपक उर्फ कन्हैया उर्फ पहलवान लम्बे समय से फरार चल रहा था।
एसटीएफ के उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि दीपक यादव उर्फ कन्हैया उर्फ पहलवान काफी मनबढ़ किस्म का अपराधी है। इसके खिलाफ मारपीट के दो मुकदमें पूर्व में भी थाना चौबेपुर जनपद वाराणसी में पंजीकृत हैं। 25- दिसंबर 2025 की शाम अभिषेक यादव पुत्र जय प्रकाश यादव निवासी इन्दरपुर थाना बडागांव, जनपद वाराणसी अपने गांव के ही साथी रामू यादव पुत्र राम अवध यादव के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। दयालपुर के पास 6-7 लोग खड़े थे, जिनके पास से गुजरते समय अभिषेक यादव की मोटरसाइकिल का हैण्डिल खड़े लोगों से छू गया, जिसको लेकर सभी 6-7 लोग अभिषेक यादव व रामू यादव को मारने लगे। इसी दौरान इनमें से एक व्यक्ति ने रामू यादव को गोली मार दिया और मौके से सभी फरार हो गया। इसमें रामू यादव बुरी तरह से घायल हो गया। इन दोनों लोगों का शोरगुल सुनकर आस-पास के लोग भी मौके पर पहुँचे तो वहाँ पर उक्त बदमाशों द्वारा समीर सिंह पुत्र बनारसी सिंह निवासी रसूलपुर थाना बडागांव, जनपद वाराणसी को भी गोली मारी गयी थी। इन दोनों घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ पर समीर सिंह की मृत्यु हो गयी। इस संबंध में थाना बडागांव पर मुकदमा दर्ज हुआ।
इसमें छह आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसी मुकदमें में दीपक यादव उर्फ कन्हैया उर्फ पहलवान पर जनपद वाराणसी पुलिस नें 50 हजार का पुरस्कार घोषित किया गया था। दीपक यादव उर्फ कन्हैया उर्फ पहलवान घटना के बाद से ही फरार चल रहा था तथा लुकछिप कर रह रहा था।




