ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी एसटीएफ ने बलिया से गैंगस्टर एक्ट में वांछित और 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले कई महीनों से दिल्ली और गुजरात में छिपकर रह रहा था।
एसटीएफ को काफी दिनों से फरार और इनामी आरोपियों के बारे में सूचनाएं मिल रही थीं। इसी पर एसटीएफ की विभिन्न इकाइयों को अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में उप निरीक्षक चन्द्रप्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में टीम सूचना संकलन कर रही थी।
एसटीएफ टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मुन्ना गोड़ सूरत के पाण्डेसरा थाना क्षेत्र के अशापुरी-2 लक्ष्मी नगर बड़रौली रोड पर मौजूद है। सूचना पर विश्वास कर टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल निवासी ग्राम व पोस्ट रूद्रवार, थाना सिकन्दरपुर, जनपद बलिया का रहने वाला है।
पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी बुआ के लड़के मुन्ना (लिलकर) व पवन खरवार के साथ मिलकर बलिया में कैंटर, वेटर एवं ऑटो चलाने का भी काम करता था। उसने अपनी बुआ के लड़के के साथ मिलकर एक मोटर साइकिल चोरी की थी। इसी चोरी के दौरान पवन खरवार पकड़ा गया था और उसकी निशानदेही पर मुन्ना के पास से चोरी की मोटर साइकिल बरामद हुई थी। इसके बाद इन लोगों के पास से चोरी की 5 अन्य मोटर साइकिलें भी बरामद हुई थीं।
मुन्ना गोड़ को 31 मई 2026 को जिला कारागार मऊ में निरुद्ध किया गया था। दो माह बाद जमानत पर जेल से छूटने के बाद वह थाना नगरा, जनपद बलिया में दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित होने के कारण दिल्ली व गुजरात में छिपकर रहने लगा था।उसके खिलाफ थाना नगरा और कोतवाली बलिया में चोरी के 4 मुकदमे और गैंगस्टर का 1 मुकदमा समेत कुल 5 मुकदमे दर्ज हैं।एसटीएफ ने उसे थाना नगरा के गैंगस्टर के मुकदमे में थाना पाण्डेसरा, सूरत में दाखिल कर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सूरत के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमाण्ड प्राप्त कर जनपद बलिया भेजा जा रहा है।


